लकवे से जूझ रहे जग्गू कोल के परिवार का सहारा बने पार्षद पवन चीनी

10 हजार की मदद के साथ इलाज के लिए वाहन और ईंधन का खर्च उठाने का भरोसा
अनूपपुर। बीमारी ने परिवार के कमाने वाले सदस्य को बिस्तर पर ला दिया तो आर्थिक संकट भी गहराता चला गया। ऐसी मुश्किल घड़ी में नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन कुमार चीनी ने जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। उन्होंने शहडोल-अनूपपुर सीमा क्षेत्र के हृदय नगर, इंदिरा नगर निवासी जग्गू कोल के घर पहुंचकर परिवार का हाल जाना और तत्काल 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की।
बताया गया कि जग्गू कोल पिछले करीब छह माह से लकवे की बीमारी से जूझ रहे हैं। परिवार में कमाने वाले प्रमुख सदस्य के बीमार होने के बाद घर की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। उपचार, अस्पताल तक आने-जाने और रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च उठाना परिवार के लिए चुनौती बन गया है।
जरूरत पड़ी तो खुद उपलब्ध कराएंगे वाहन
परिवार की स्थिति जानने के बाद पार्षद पवन चीनी ने केवल आर्थिक सहायता तक सीमित न रहते हुए इलाज के दौरान हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जग्गू कोल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ने पर वाहन की व्यवस्था, डीजल-पेट्रोल सहित आने-जाने का आवश्यक खर्च उनकी ओर से उठाया जाएगा। उपचार के दौरान जरूरत पड़ने पर अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की बात भी उन्होंने कही।
‘जरूरतमंद की मदद करना ही सच्ची जनसेवा’
पवन चीनी ने कहा कि इंसान की मदद करने के लिए किसी सीमा या पद की आवश्यकता नहीं होती। जब किसी परिवार पर संकट आता है, तब उसके साथ खड़ा होना ही सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवार को आगे भी किसी प्रकार की परेशानी होती है तो वे अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करते रहेंगे।
पहले भी कर चुके हैं जरूरतमंद परिवार की मदद
पार्षद पवन चीनी द्वारा जरूरतमंदों की सहायता किए जाने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले इंदिरा नगर निवासी जयमानती का बारिश के दौरान मकान गिरने पर भी उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई थी।
जग्गू कोल के परिवार की मदद की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने पार्षद की पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि यदि अपनी जिम्मेदारी के साथ मानवीय संवेदनशीलता भी दिखाएं तो विपरीत परिस्थितियों से जूझ रहे परिवारों को काफी संबल मिल सकता है।