निर्माणाधीन सीसी रोड की गुणवत्ता पर सीएमओ की नजर, मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

0

पुराना नगरपालिका चौक से पुलिस लाइन तक चल रहे काम का निरीक्षण, समयसीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश
शहडोल। शहर में चल रहे सड़क एवं अन्य विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने बुधवार को पुराना नगरपालिका चौक से पुलिस लाइन होकर गुजरने वाली निर्माणाधीन सीसी रोड का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर सड़क निर्माण की प्रगति देखी और अधिकारियों से अब तक हुए कार्य की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री, सड़क निर्माण की प्रक्रिया और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे कार्य का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। सड़क का निर्माण निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार करने के साथ कार्य को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
झूला पुल के पास भी पहुंचीं सीएमओ
सीएमओ ने झूला पुल के पास चल रहे निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं ठेकेदार से कार्य की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और यदि कहीं तकनीकी या अन्य समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल निराकरण कराया जाए। सीएमओ ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
शहर के विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग
नगर पालिका प्रशासन द्वारा शहर में सड़क, नाली सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े निर्माण एवं विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों की जमीनी स्थिति जानने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ उन्हें समय पर पूरा कराने पर प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर और सुगम सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के उपयंत्री सुखेंद्र सिंह तोमर, संबंधित ठेकेदार सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed