बातचीत के बहाने बुलाया, फिर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा… सिगरेट से दागा रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ खौफनाक खेल, कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में मुख्य आरोपी समेत दो को दबोचा; दो फरार

0

बातचीत के बहाने बुलाया, फिर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा… सिगरेट से दागा
रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ खौफनाक खेल, कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में मुख्य आरोपी समेत दो को दबोचा; दो फरार
कटनी। रेलवे स्टेशन के बाहर एक पुराने परिचित ने बातचीत के बहाने युवक को अपने साथ बुलाया। इसके बाद जो हुआ, वह किसी खौफनाक पटकथा से कम नहीं था। पुलिस के अनुसार युवक को पहले घर ले जाकर साथियों के साथ पीटा गया। वहां से किसी तरह भागकर स्टेशन पहुंचा तो आरोपियों ने पीछा कर उसे फिर पकड़ लिया और ऑटो में जबरन बैठाकर दूसरे मकान में ले गए। कमरे में बंद कर दोबारा मारपीट की गई और आरोप है कि सिगरेट से उसके हाथ और पीठ को दागा गया। घायल और डरा-सहमा युवक किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर जबलपुर पहुंचा और तीन दिन बाद थाने पहुंचकर पूरी घटना बताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली को मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी साहिल खान को भी कुठला क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। दो अन्य आरोपी अमन और उसका एक साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुराने विवाद ने लिया खौफनाक मोड़
पुलिस के मुताबिक गायत्री नगर निवासी पंकज मेहरा ने 15 सितंबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 12 सितंबर की सुबह वह कटनी रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसका पुराना परिचित अजय उर्फ अन्नू माली स्कूटी से वहां पहुंचा और उसे अपने साथ घर चलने के लिए कहा।
पंकज उसके साथ मघई मंदिर के पास स्थित मकान पहुंचा। आरोप है कि अन्नू ने कुछ देर बाद अपने साथियों को फोन कर बुलाया और पुरानी बात को लेकर पंकज से विवाद शुरू हो गया। इसके बाद उसके साथ लात-घूंसों और बेल्ट से मारपीट की गई।

भागकर स्टेशन पहुंचा, लेकिन पीछा करते हुए फिर पकड़ लिया
पुलिस के अनुसार मारपीट के बाद पंकज किसी तरह वहां से निकलकर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-5 पर पहुंच गया और जबलपुर जाने वाली ट्रेन का इंतजार करने लगा। उसे उम्मीद थी कि अब वह सुरक्षित है, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।
आरोप है कि स्टेशन पहुंचकर आरोपियों ने उसे फिर पकड़ लिया और जबरन ऑटो में बैठाकर एनकेजे बजरिया स्थित मकान में ले गए। वहां उसे एक कमरे में बंद कर दोबारा मारपीट की गई।
सिगरेट से दागने का आरोप
पंकज ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान आरोपियों में से एक युवक ने सिगरेट से उसके हाथ और पीठ को दाग दिया। इससे उसके शरीर पर जलने के निशान बन गए। शाम करीब छह बजे वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भागने में सफल हुआ और भय के कारण जबलपुर चला गया।
15 सितंबर को अपने भाई और मां के साथ कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने अप.क्र. 1053/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर और तकनीकी मदद से मुख्य आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना सामने आते ही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता के आधार पर मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली को मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में अन्नू ने पुलिस को बताया कि पंकज पूर्व में उसके यहां काम करता था और करीब दो वर्ष पहले काम छोड़ चुका था। आरोपी के अनुसार पंकज उसके कुछ फोटो और दस्तावेज अपने साथ ले गया था, जिन्हें वापस नहीं कर रहा था। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद को लेकर उसने पंकज को बुलाया और साथियों के साथ मारपीट की।

एक आरोपी की निशानदेही पर दूसरा भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार अजय उर्फ अन्नू माली के मेमोरेण्डम के आधार पर साहिल खान को कुठला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वहीं अमन और उसका एक अन्य साथी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed