चार स्थलों पर रोशन होगा कटनी, आशीर्वाद का दिया से सेवा संकल्प का आगाज प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शहर में एक साथ जगमगाएंगे दीप, चार स्थानों पर होंगे विशेष आयोजन; गणेश चौक में महाआरती के साथ होगा भव्य समापन

0

चार स्थलों पर रोशन होगा कटनी, आशीर्वाद का दिया से सेवा संकल्प का आगाज
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शहर में एक साथ जगमगाएंगे दीप, चार स्थानों पर होंगे विशेष आयोजन; गणेश चौक में महाआरती के साथ होगा भव्य समापन
कटनी।। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को कटनी सेवा, समर्पण और संस्कृति के दीपों से रोशन होगा। सेवा पखवाड़े के प्रथम दिवस पर नगर पालिक निगम द्वारा ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया जा रहा है। शहर के चार प्रमुख स्थलों पर अलग-अलग समय में दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प, सामाजिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया जाएगा।
नगर निगम द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक एवं धार्मिक संगठन, महिला स्व-सहायता समूह और बड़ी संख्या में शहरवासी सहभागी बनेंगे। आयोजन का उद्देश्य सेवा पखवाड़े की शुरुआत को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शहर में सेवा और सद्भाव की भावना को मजबूत करना है।

शाम 6 बजे से शुरू होगा दीपों का सिलसिला
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे प्रधानमंत्री आवास (मल्टी), प्रेम नगर-रोशन नगर परिसर से होगी। इसके बाद शाम 7 बजे ऐतिहासिक घंटाघर स्मारक स्थल पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। शाम 7:30 बजे श्री हनुमानजी मंदिर, समदड़िया सिटी, माधवनगर में आयोजन होगा। वहीं कार्यक्रम का अंतिम और विशेष चरण रात्रि 8:30 बजे श्री गणेश मंदिर, गणेश चौक, सिविल लाइन में आयोजित किया जाएगा। यहां महाआरती के साथ ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का भव्य समापन होगा।

जनभागीदारी बनेगी आयोजन की पहचान
नगर निगम ने शहर के सभी माननीय जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, महिला स्व-सहायता समूहों तथा धर्मप्रेमी नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है। निगम प्रशासन का कहना है कि सेवा पखवाड़े की शुरुआत केवल दीप प्रज्वलन तक सीमित न रहकर सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम बने, यही इस आयोजन की मूल भावना है। गुरुवार की शाम चार प्रमुख स्थलों पर होने वाले दीप प्रज्वलन के साथ कटनी में सेवा संकल्प अभियान का आगाज होगा और शहर में एक साथ जगमगाते दीप इस अवसर को विशेष स्वरूप देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed