302 भेड़ों से भरा दो मंजिला ट्रक पकड़ा, क्रूरता से ठूंसकर किया जा रहा था परिवहन झिंझरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिना परमिट परिवहन पर चालक व ट्रक मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज

0

302 भेड़ों से भरा दो मंजिला ट्रक पकड़ा, क्रूरता से ठूंसकर किया जा रहा था परिवहन
झिंझरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिना परमिट परिवहन पर चालक व ट्रक मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज
कटनी। पशुओं के अवैध एवं क्रूरता पूर्वक परिवहन के खिलाफ झिंझरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 302 भेड़ों से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार भेड़ों को ट्रक में बनाए गए दो मंजिला पटरे वाले ढांचे में अत्यधिक संख्या में ठूंसकर ले जाया जा रहा था। परिवहन से संबंधित दस्तावेज और परमिट मांगने पर चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को जब्त करते हुए चालक और ट्रक मालिक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 सितंबर को चौकी झिंझरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मैहर की ओर से भेड़-बकरियों से भरा एक ट्रक जबलपुर की ओर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने एनएच-30 स्थित देवरी टोला फॉरेस्ट नाका पर पहुंचकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक क्रमांक UP61AT-3856 को रोककर तलाशी ली गई।

दो मंजिला पटरे में ठूंस रखी थीं भेड़ें
पुलिस के मुताबिक ट्रक के भीतर दो मंजिला पटरे लगाए गए थे और उनमें बड़ी संख्या में भेड़ें बेहद तंग एवं असुविधाजनक स्थिति में भरी हुई थीं। जांच के दौरान कुल 302 भेड़ें पाई गईं। पुलिस ने चालक से पशुओं के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक ने किसी भी प्रकार का दस्तावेज उपलब्ध नहीं होना बताया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम रोशन यादव पिता हरिकिशन यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी कोरा, थाना चितवाड़ा, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) बताया। इसके बाद पुलिस ने 302 भेड़ों को अपने कब्जे में लेते हुए उनके परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया।

चालक और ट्रक मालिक पर कार्रवाई
झिंझरी पुलिस ने मामले में ट्रक चालक रोशन यादव तथा ट्रक मालिक सुल्तान कुरैशी के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। पुलिस द्वारा पशुओं के परिवहन से संबंधित नियमों के उल्लंघन और उनके साथ की गई कथित क्रूरता के संबंध में जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी अजाक शिवा पाठक एवं माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव के मार्गदर्शन में की गई।

इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में चौकी प्रभारी झिंझरी उपनिरीक्षक राजेश कुमार दुबे के नेतृत्व में सउनि शशिभूषण सिंह, प्रधान आरक्षक राजेश चौधरी एवं आरक्षक अजय सिंह की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed