कटनी मार्बल की होगी ब्रांडिंग, जीआई टैगिंग के लिए बनेगा मार्बल एसोसिएशन कलेक्टर तिवारी ने उद्यमी संवाद में दिए निर्देश, समस्याओं के निराकरण का भी दिया भरोसा

0

कटनी मार्बल की होगी ब्रांडिंग, जीआई टैगिंग के लिए बनेगा मार्बल एसोसिएशन
कलेक्टर तिवारी ने उद्यमी संवाद में दिए निर्देश, समस्याओं के निराकरण का भी दिया भरोसा
कटनी। कटनी के मार्बल को देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत ग्राम पंचायत गुदरी में आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी ने कटनी मार्बल की प्रभावी ब्रांडिंग करने और इसे जीआई (जियोग्राफिकल इंडिकेशन) टैग दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि कटनी के मार्बल की अपनी विशिष्ट पहचान और विशेषताओं को व्यापक स्तर पर स्थापित करने के लिए प्रशासन और मार्बल उद्यमियों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने जिले के मार्बल उद्यमियों को एकजुट कर पहले मार्बल एसोसिएशन का गठन एवं पंजीयन कराने तथा इसके बाद एसोसिएशन के माध्यम से जीआई टैगिंग के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने महाप्रबंधक उद्योग ज्योति सिंह को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि जीआई टैगिंग और ब्रांडिंग की प्रक्रिया में जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

उद्यमियों ने रखीं समस्याएं
उद्यमी संवाद के दौरान मार्बल उद्योग से जुड़े कारोबारियों ने उद्योग संचालन में आ रही विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को कलेक्टर के समक्ष रखा। उद्यमियों ने माइनिंग के डेडरेंट की दर कम करने, मार्बल माइंस के वेस्ट मटेरियल के लिए ईटीपी की सुविधा उपलब्ध कराने, जिले में बनने वाले नए भवनों में कटनी मार्बल के उपयोग को प्रोत्साहित करने तथा कटनी स्टोन की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
इसके अलावा पावर फीडर के कारण निर्बाध विद्युत आपूर्ति में आ रही परेशानियों और ई-खनिज पोर्टल के अपडेशन से जुड़े विषय भी उद्यमियों ने उठाए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वायकर सहित उद्योग विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में मार्बल उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाकौशल रिफैक्ट्रीज के संचालक अरविंद गुगालिया, पाल मार्बल से मुकेश पाल, श्री राम मार्बल से श्री तिवारी, समदरिया मार्बल से वेद दुबे, ओजस्वी मार्बल से विपिन तिवारी, शारदा मार्बल से रजनीश तथा डाल्फिन मार्बल से राकेश सिंह सहित अन्य उद्यमियों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed