नगर निगम के सात मनोनीत पार्षदों ने ली शपथ कलेक्टर ने दिलाई पद एवं दायित्व की शपथ, अब परिषद की बैठकों में निभाएंगे सक्रिय भूमिका

0

नगर निगम के सात मनोनीत पार्षदों ने ली शपथ
कलेक्टर ने दिलाई पद एवं दायित्व की शपथ, अब परिषद की बैठकों में निभाएंगे सक्रिय भूमिका
कटनी। नगर निगम में गुरुवार का दिन नए जनप्रतिनिधियों के लिए उत्साह और नई जिम्मेदारियों का साक्षी बना। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा नव मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह कलेक्टर कार्यालय स्थित सभागार में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कलेक्टर आशीष तिवारी ने सातों मनोनीत पार्षदों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के साथ ही सभी मनोनीत पार्षदों के लिए नगर निगम परिषद की बैठकों में विधिवत भागीदारी का मार्ग प्रशस्त हो गया है। अब वे परिषद की बैठकों सहित नगर निगम से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी भूमिका निभाते हुए शहर के विकास और जनहित के मुद्दों पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे।
समारोह में वेंकटेश मिश्रा (अंबेडकर वार्ड क्रमांक 21), शोभा कुरील (वंशस्वरूप वार्ड क्रमांक 29), प्रमोद तिवारी (रघुनाथ गंज वार्ड क्रमांक 23), अम्बरीष वर्मा ‘अम्बू’ (वार्ड क्रमांक 17, तुलसी नगर-दुबे कॉलोनी), नरेश अग्रवाल (वार्ड क्रमांक 15, राहुल बाग-निमिया), अभिषेक शर्मा (विनोबा भावे वार्ड क्रमांक 15) एवं अनुराग त्रिसोलिया (वार्ड क्रमांक 3, कृषि उपज मंडी) ने पद एवं दायित्व की शपथ ली।

आठ मनोनीत पार्षदों में से सात ने ली शपथ
गौरतलब है कि नगर निगम में कुल आठ मनोनीत पार्षद नियुक्त किए गए थे। इनमें भाजपा मीडिया प्रभारी एवं वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ला भी शामिल थे, जिनका बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन के कारण गुरुवार को सात मनोनीत पार्षदों ने ही शपथ ग्रहण की।
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी ठंडन, महापौर प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, विधायक संदीप जायसवाल, विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, रामरतन पायल, पीताम्बर टोपनानी, महेश शुक्ला, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नए मनोनीत पार्षदों के शपथ ग्रहण से नगर निगम परिषद में उनकी औपचारिक भागीदारी शुरू हो गई है। इससे परिषद की आगामी बैठकों में शहर के विकास, जनसुविधाओं और स्थानीय मुद्दों को लेकर उनकी सक्रिय भूमिका देखने को मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed