रायपुर पहुंचे कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, हुआ भव्य स्वागत जिला GPM के वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी रहे मौजूद, संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव की तैयारियों पर हुई चर्चा

0

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी द्वारा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को मजबूत एवं एकजुट करने के उद्देश्य से लोहरदगा (झारखंड) के सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का नवनियुक्त कांग्रेस प्रभारी बनाया गया है। नियुक्ति के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे सुखदेव भगत का रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

 

सुखदेव भगत दोपहर करीब 2:30 बजे रायपुर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता एयरपोर्ट के बाहर मौजूद रहे। इसके बाद वे सीधे राजीव भवन पहुंचे। यहां विधायक दल, पूर्व विधायक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, विभिन्न जिलों से पहुंचे कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित हुई।

 

बैठक में प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। नवनियुक्त प्रभारी सुखदेव भगत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूती के साथ खड़ा करने और एकजुट होकर आगामी चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।

 

नेता प्रतिपक्ष के निवास पर रात्रिभोज, GPM के नेताओं से हुई विशेष चर्चा

 

इसके पश्चात नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के निवास पर सुखदेव भगत के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक संगीता सिन्हा सहित प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

 

इस अवसर पर जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से आमंत्रित कांग्रेस नेताओं ने भी हिस्सा लिया। इनमें पूर्व विधायक मरवाही डॉ. के.के. ध्रुव, प्रदेश संयुक्त महासचिव मनोज गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेसी अशोक शर्मा, नगर पालिका परिषद पेंड्रा अध्यक्ष राकेश जालान एवं जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती विद्या राठौर शामिल रहीं।

 

रात्रिभोज के दौरान डॉ. चरणदास महंत एवं सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने जिला GPM से पहुंचे कांग्रेस नेताओं का परिचय नवनियुक्त प्रभारी सुखदेव भगत से कराया। इसके बाद जिले में कांग्रेस संगठन की स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

 

बताया गया कि जिला GPM के कांग्रेस नेताओं द्वारा क्षेत्र से जुड़े संगठनात्मक विषयों और सुझावों को प्रभारी के समक्ष रखा गया। सुखदेव भगत ने सभी बातों को गंभीरता से सुना तथा महत्वपूर्ण बिंदुओं को अपनी डायरी में नोट किया।

 

अमरकंटक दर्शन और GPM आने का दिया निमंत्रण

 

इस दौरान नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत को अमरकंटक दर्शन के साथ-साथ जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के प्रवास का निमंत्रण दिया। सुखदेव भगत ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए जिले में आने पर सहमति जताई।

 

जिला कांग्रेस नेताओं की प्रभारी से हुई इस मुलाकात को जिले में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी चुनाव की तैयारियों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed