गोरखपुर: वार्ड नंबर 4 में नाली की सफाई के नाम पर खानापूर्ति, किनारों पर जमा कचरा और रुका गंदा पानी बढ़ा रहा बीमारियों का खतरा
गोरखपुर। गौरेला पेंड्रा मरवाही
स्वच्छ भारत अभियान के दावों के बीच ग्राम गोरखपुर के वार्ड नंबर 4 में सफाई व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई है। क्षेत्र में नाली की सफाई तो की गई, लेकिन निकाला गया कचरा, गाद और प्लास्टिक नाली के किनारों पर ही लावारिस छोड़ दिया गया। सफाई के बाद कचरे का उठान न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाली से निकाला गया कीचड़ और प्लास्टिक कचरा सड़क किनारे सूखकर वापस नाली में गिर रहा है। इसके अलावा नाली के भीतर भी भारी मात्रा में कचरा अटका हुआ है, जिससे पानी का बहाव पूरी तरह ठप हो गया है। रुका हुआ बदबूदार पानी मच्छरों और संक्रामक बीमारियों को खुला न्योता दे रहा है। क्षेत्र में उठ रही सड़ांध के कारण आसपास के घरों में रहना दूभर हो गया है।
ग्रामीणों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
वार्डवासियों ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों से मांग की है कि नियमों के अनुसार नाली से निकाले गए कचरे का तत्काल उठान कराया जाए। साथ ही नाली के अवरोध को पूरी तरह साफ कर जल निकासी की व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि किसी गंभीर बीमारी के प्रकोप से लोगों को बचाया जा सके।