युवा शक्ति अभियान में विद्यार्थियों को व्यक्तित्व, साइबर सुरक्षा एवं तनाव प्रबंधन, करियर मार्गदर्शन ,पोषण स्वास्थ्य एवं स्वच्छता 

0

पेंड्रा।gpm शक्ति महिला विज्ञान भारती समिति, रायपुर के तत्वावधान में 06 अक्टूबर 2026 को युवा शक्ति अभियान कार्यक्रम का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवागांव, विकासखंड पेंड्रा, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी ने की।

 

कार्यक्रम में शक्ति महिला विज्ञान भारती रायपुर की उपाध्यक्ष, रामकृष्ण शिक्षण संस्थान की डायरेक्टर एवं युवा शक्ति अभियान की संयोजिका डॉ. अरुणा चौबे, कोषाध्यक्ष एवं एमएलसी कॉलेज कोरबा की डायरेक्टर डॉ. साधना शर्मा, जॉइंट सेक्रेटरी एवं पर्यावरण शिक्षा व करियर काउंसलिंग विशेषज्ञ टॉपर्स एजुकेशन सोसाइटी की अध्यक्ष श्रीमती समीना खान एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवसा के व्याख्याता श्री हरिशंकर शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया।

 

कार्यक्रम की संयोजिका शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकारी पारा की प्राचार्य तथा शक्ति महिला विज्ञान भारती की सदस्य श्रीमती मोनिका जैन रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुआ।

 

डॉ. अरुणा चौबे ने व्यक्तित्व एवं व्यवहार विकास पर विद्यार्थियों को सकारात्मक गुण अपनाने, अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा कमजोरियों को शक्ति में बदलने के लिए प्रेरित किया। डॉ. साधना शर्मा ने साइबर सुरक्षा पर मार्गदर्शन देते हुए साइबर खतरों की पहचान एवं उनसे बचाव के उपाय बताए तथा विद्यार्थियों से प्रश्नावली भी हल करवाई।

 

श्रीमती समीना खान ने करियर मार्गदर्शन देते हुए विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप भविष्य के क्षेत्र का चयन करने तथा उसकी तैयारी अभी से शुरू करने के लिए प्रेरित किया। श्री हरिशंकर शर्मा ने पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विशेष रूप से बालिकाओं को संतुलित आहार, व्यायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को साझा करने के महत्व से अवगत कराया।

 

कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती मोनिका जैन ने तनाव प्रबंधन पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए तनाव के कारणों, उससे निपटने के उपायों तथा परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहने के व्यावहारिक सुझाव दिए।

 

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने पूरे सत्र में सक्रिय सहभागिता की तथा विशेषज्ञों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। समापन अवसर पर संस्था के प्राचार्य श्री एस.के. जैन ने सभी अतिथियों एवं मार्गदर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं भविष्य निर्माण के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।

 

इस प्रकार युवा शक्ति अभियान विद्यार्थियों में व्यक्तित्व विकास, साइबर जागरूकता, करियर नियोजन, स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन की समझ विकसित करते हुए उत्साह एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed