एस्बेस्टस वेस्ट की जांच के लिए संयुक्त टीम ने किया स्थल निरीक्षण
एस्बेस्टस वेस्ट की जांच के लिए संयुक्त टीम ने किया स्थल निरीक्षण
कटनी। कैमोर स्थित एवरेस्ट कंपनी के एस्बेस्टस वेस्ट को लेकर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने बुधवार को भटिया मुहल्ला वार्ड क्रमांक-2 (डॉ. जाकिर हुसैन वार्ड) क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम में राजस्व विभाग, मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा नगर परिषद कैमोर के अधिकारी शामिल रहे। जनस्वास्थ्य एवं पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने क्षेत्र से मिट्टी और भूजल के नमूने एकत्र किए। मिट्टी के नमूने फुटबॉल ग्राउंड, एवरेस्ट कंपनी के पश्चिम एवं दक्षिण दिशा में लतीफ खान के घर के पास, श्री गुरुदीप सिंह बेदी के घर के पास तथा शासकीय अस्पताल के पीछे से लिए गए। वहीं भूजल की गुणवत्ता जांचने के लिए रमेश निषाद एवं सरवर खान के मकान के पास स्थित हैंडपंपों से पानी के नमूने लिए गए।
सभी नमूनों को वैज्ञानिक एवं प्रयोगशाला जांच के लिए केंद्रीय प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद क्षेत्र में एस्बेस्टस वेस्ट से पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा।
निरीक्षण एवं जांच के बाद पंचनामा की कार्रवाई मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सुधांशु तिवारी, वैज्ञानिक राजेन्द्र शुक्ला, नायब तहसीलदार कैमोर राजेन्द्र श्रीवास्तव तथा नगर परिषद कैमोर के सेनेटरी इंस्पेक्टर पी.आर. सिंह की मौजूदगी में पूरी की गई। इस दौरान स्थानीय नागरिक अवध किशोर विश्वकर्मा, लतीफ खान, साहिल खान, महबूब सहित अन्य नागरिक भी उपस्थित रहे। संयुक्त टीम द्वारा मामले की जांच तथ्यों एवं वैज्ञानिक रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी।