दिवंगत कर्मचारियों के तीन आश्रितों को मिली अनुकंपा नियुक्ति महापौर प्रीति संजीव सूरी ने सौंपे नियुक्ति आदेश, निगमायुक्त की नियमित समीक्षा से लंबित प्रकरणों के निराकरण में आई तेजी

0

दिवंगत कर्मचारियों के तीन आश्रितों को मिली अनुकंपा नियुक्ति

महापौर प्रीति संजीव सूरी ने सौंपे नियुक्ति आदेश, निगमायुक्त की नियमित समीक्षा से लंबित प्रकरणों के निराकरण में आई तेजी

कटनी। सेवाकाल के दौरान दिवंगत हुए नगर निगम कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को राहत प्रदान करते हुए नगर निगम कटनी द्वारा तीन आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति के आदेश प्रदान किए गए। बुधवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने संबंधित आश्रितों को नियुक्ति आदेश सौंपे।

नियुक्ति आदेश प्राप्त होने पर आश्रितों एवं उनके परिजनों ने राहत और संतोष व्यक्त किया। अनुकंपा नियुक्ति के माध्यम से इन परिवारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने का अवसर भी मिला है।

महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने नियुक्ति प्राप्त करने वाले आश्रितों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य सेवाकाल में कर्मचारी की असामयिक मृत्यु के बाद उसके परिवार को आर्थिक कठिनाइयों से उबारना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

इन तीन आश्रितों को मिली नियुक्ति

अनुकंपा नियुक्ति के तहत नगर पालिक निगम कटनी में भृत्य के पद पर कार्यरत रहे स्वर्गीय श्री रविशंकर रैकवार के पुत्र श्री अमित रैकवार को नगर निगम कार्यालय में सहायक ग्रेड-3 के पद पर नियुक्ति दी गई है।

इसी क्रम में नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा में सफाई संरक्षक के पद पर कार्यरत रहे स्वर्गीय श्री मोहन पिता श्री बिलोंची की पुत्री सुश्री स्नेहा अर्खेल को सफाई संरक्षक (चतुर्थ श्रेणी) के पद पर नियुक्त किया गया।

वहीं स्वर्गीय श्रीमती मायाबाई पति गणेश कुमार के पुत्र श्री अजय कुमार डुमार को भी सफाई संरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है।

नियमित समीक्षा से लंबित प्रकरणों में आई तेजी

नगर निगम में लंबित अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों के निराकरण के लिए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाली समय-सीमा बैठक में इन प्रकरणों की स्थिति, आवश्यक कार्यवाही और लंबित बिंदुओं की समीक्षा की जाती है।

नियमित समीक्षा और प्रक्रिया में तेजी के परिणामस्वरूप लंबे समय से लंबित प्रकरणों का निराकरण हो रहा है। इसी क्रम में तीन आश्रितों को नियुक्ति आदेश मिलने से उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और भविष्य को लेकर नया भरोसा मिला है।

अनुकंपा नियुक्ति के ये आदेश दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के लिए रोजगार के अवसर के साथ-साथ अपने पैरों पर खड़े होकर पारिवारिक जिम्मेदारियों को संभालने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed