नवरात्रि पर जालपा देवी और वीर सावरकर वार्ड को 73 लाख से अधिक के विकास कार्यों की सौगात कन्याओं के करकमलों से हुआ सड़क डामरीकरण और नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, महापौर प्रीति सूरी ने कहा—जनसहभागिता से साकार होगा विकसित कटनी का संकल्प

0

नवरात्रि पर जालपा देवी और वीर सावरकर वार्ड को 73 लाख से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
कन्याओं के करकमलों से हुआ सड़क डामरीकरण और नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, महापौर प्रीति सूरी ने कहा—जनसहभागिता से साकार होगा विकसित कटनी का संकल्प
कटनी। नवरात्रि के पावन पर्व पर नगर निगम ने जालपा देवी और वीर सावरकर वार्ड में विकास कार्यों की सौगात दी। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में 73 लाख रुपये से अधिक की लागत से होने वाले सड़क डामरीकरण, सीसी नाली निर्माण और नाली कवरिंग कार्यों का भूमिपूजन किया गया। धार्मिक आस्था और जनकल्याण की भावना के बीच आयोजित कार्यक्रम में वार्ड की कन्याओं के करकमलों से भूमिपूजन संपन्न कराया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नवरात्रि शक्ति की आराधना, आस्था और जनकल्याण का पर्व है। मां जालपा देवी के आशीर्वाद और कन्याओं के हाथों विकास कार्यों का शुभारंभ होना हर्ष और सौभाग्य का विषय है। नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बेहतर सड़कें, सुगम आवागमन और जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास, सेवा और जनसहभागिता के माध्यम से विकसित कटनी के संकल्प को साकार किया जाएगा।

जालपा देवी वार्ड में 16.70 लाख के कार्य
जालपा देवी वार्ड में लगभग 16 लाख 70 हजार रुपये की लागत से विभिन्न स्थानों पर सड़क डामरीकरण और नाली कवरिंग के कार्य कराए जाएंगे। क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी ने कहा कि सड़क सुधार से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वार्ड की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य कराना और लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

वीर सावरकर वार्ड में 56.32 लाख से होंगे तीन कार्य
वीर सावरकर वार्ड में लगभग 56 लाख 32 हजार रुपये की लागत से तीन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें पुराने शंभू टॉकीज के बाजू से पुराने एवं क्षतिग्रस्त मार्ग पर 15 लाख 59 हजार रुपये की लागत से डामरीकरण, श्रीराम मंदिर मार्ग पर 22 लाख 39 हजार रुपये की लागत से सीसी नाली निर्माण तथा संतनगर में बजाज हॉस्पिटल के आसपास और गोकुलधाम कॉलोनी में निर्मित सीसी रोड पर 18 लाख 34 हजार रुपये की लागत से डामरीकरण कार्य शामिल हैं। क्षेत्रीय पार्षद राजेश भास्कर ने कहा कि सड़क सुधार और नाली निर्माण के कार्य नागरिकों की दैनिक जरूरतों से जुड़े हैं। इनके पूरा होने से आवागमन सुगम होगा और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने विकास कार्यों के लिए महापौर और नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया।

मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डामरीकरण से पुराने और क्षतिग्रस्त मार्गों की स्थिति सुधरेगी, जबकि नाली निर्माण एवं कवरिंग से जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए जनसहभागिता जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed