कटनी की प्रतिभा और विभूतियों के सम्मान में निगम परिषद का बड़ा फैसला, दिवंगत छात्र अक्षत यादव के नाम पर गली और पं. दयाराम शास्त्री की स्मृति में प्रवेश द्वार का प्रस्ताव मंजूर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की अध्यक्षता में परिषद की बैठक में नियम 17 के तहत जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा, नवनियुक्त एल्डरमैन अम्बरीश वर्मा ‘अम्बू’ ने उठाए भावनात्मक विषय, दिवंगत एल्डरमैन एवं वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ला को दी गई श्रद्धांजलि

0

कटनी की प्रतिभा और विभूतियों के सम्मान में निगम परिषद का बड़ा फैसला, दिवंगत छात्र अक्षत यादव के नाम पर गली और पं. दयाराम शास्त्री की स्मृति में प्रवेश द्वार का प्रस्ताव मंजूर
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की अध्यक्षता में परिषद की बैठक में नियम 17 के तहत जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा, नवनियुक्त एल्डरमैन अम्बरीश वर्मा ‘अम्बू’ ने उठाए भावनात्मक विषय, दिवंगत एल्डरमैन एवं वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ला को दी गई श्रद्धांजलि
कटनी। नगर पालिक निगम परिषद की बैठक में शहर के विकास से जुड़े विषयों के साथ दिवंगत प्रतिभाओं और समाज के मार्गदर्शकों के सम्मान का मुद्दा प्रमुखता से उठा। निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दिल्ली के सत्यनिकेतन भवन हादसे में असमय काल के गाल में समाए कटनी के 19 वर्षीय छात्र स्व. अक्षत सिंह यादव की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा समाजसेवी एवं धार्मिक क्षेत्र में योगदान देने वाले स्व. पं. दयाराम शास्त्री के सम्मान में स्मृति प्रवेश द्वार निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। इन विषयों पर सदन में सहमति बनने से शहर की उन भावनाओं को आवाज मिली, जिनका संबंध अपनी प्रतिभाओं और समाज के लिए योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मान देने से है।
बैठक की शुरुआत में नवनियुक्त एल्डरमैनों का सदन के सदस्यों से परिचय कराया गया। इसके बाद पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया गया। परिषद की कार्यवाही प्रारंभ होने पर नियम 17 के अंतर्गत पार्षदों ने जनहित, नागरिक सुविधाओं और शहर के विकास से जुड़े विभिन्न प्रश्न उठाए। निगम अध्यक्ष मनीष पाठक के संचालन में पार्षदों और विभागीय अधिकारियों के बीच इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। अध्यक्ष ने अधिकारियों को पार्षदों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

दिवंगत छात्र अक्षत यादव की स्मृति को सहेजने की पहल
बैठक में नवनियुक्त एल्डरमैन अम्बरीश वर्मा ‘अम्बू’ ने मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय उठाते हुए दिल्ली के सत्यनिकेतन भवन हादसे में जान गंवाने वाले कटनी के 19 वर्षीय छात्र स्व. अक्षत सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने आग्रह किया कि छात्र के गृह वार्ड क्रमांक 17, पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड स्थित तुलसी नगर में दुबे कॉलोनी के पीछे वाली गली का नामकरण स्व. अक्षत सिंह यादव के नाम पर किया जाए। इस पहल का उद्देश्य असमय दुनिया से विदा हुए युवा छात्र की स्मृति को शहर में स्थायी पहचान देना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उसे याद रख सकें। सदन में इस प्रस्ताव को लेकर सहमति बनी।

पं. दयाराम शास्त्री की स्मृति में बनेगा प्रवेश द्वार
बैठक में राजीव गांधी वार्ड क्रमांक 14 में श्री सत्यनारायण मंदिर के सामने स्थित मार्ग पर स्व. पं. दयाराम शास्त्री के सम्मान में स्मृति प्रवेश द्वार निर्माण का विषय भी उठाया गया। श्रीमती प्रेमवती डब्बू रजक एवं एल्डरमैन अम्बरीश वर्मा ने इस संबंध में सदन के समक्ष प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव के अनुसार, क्षेत्र में सामाजिक उत्थान और धार्मिक कार्यों में योगदान देने वाले स्व. पं. दयाराम शास्त्री की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए उनके शिष्यों के निजी सहयोग से प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए नगर निगम से अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया गया। सदन में इस विषय पर भी सहमति बनी। एल्डरमैन अम्बरीश वर्मा ‘अम्बू’ ने दोनों प्रस्तावों के माध्यम से यह भाव रखा कि शहर की पहचान केवल विकास कार्यों से ही नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभाओं, समाजसेवियों और मार्गदर्शकों के प्रति सम्मान से भी बनती है। दिवंगत व्यक्तित्वों की स्मृतियों को संजोना समाज की भावनाओं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा से जुड़ा विषय है।

शेष एजेंडे पर अगली बैठक में होगी चर्चा
परिषद की बैठक में नियम 17 के अंतर्गत उठाए गए प्रश्नों पर चर्चा के बाद शेष एजेंडे को आगामी बैठक में रखने का निर्णय लिया गया। निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि सभी विषयों पर बारीकी से चर्चा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शेष एजेंडे पर अगली बैठक में विस्तार से विचार किया जाएगा। उन्होंने शहर के विकास से जुड़े विषयों पर पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से चर्चा करने की बात कही।

दिवंगत एल्डरमैन एवं वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ला को श्रद्धांजलि
बैठक के अंतिम चरण में हाल ही में नवनियुक्त एल्डरमैन, कटनी के वरिष्ठ पत्रकार एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी स्व. आशुतोष शुक्ला के असामयिक निधन पर सदन ने गहरा शोक व्यक्त किया। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। परिषद की यह बैठक जहां जनहित के मुद्दों पर चर्चा के लिए महत्वपूर्ण रही, वहीं दिवंगत छात्र अक्षत सिंह यादव और स्व. पं. दयाराम शास्त्री की स्मृति से जुड़े प्रस्तावों ने बैठक को भावनात्मक आयाम भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed