स्वर्गीय श्रीमती त्रिवेणी दुबे जी की याद में आयोजित की जाएगी भजन संध्या, अमित कुमार दुर्वे देंगे प्रस्तुति
गौरेला।नगरपालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे के परिवार द्वारा उनकी माता स्वर्गीय श्रीमती त्रिवेणी दुबे जी की स्मृति में 19 अक्टूबर को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम गौरेला स्थित खेरमाई दुर्गा उत्सव पंडाल में रात्रि 8 बजे से आयोजित होगा।
भजन संध्या में भोपाल के प्रसिद्ध भजन गायक एवं संगीतकार अमित कुमार दुर्वे अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगे। वे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के प्रमुख संगीतकार के रूप में भी जाने जाते हैं। उनकी भजन प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में भक्तिमय वातावरण निर्मित होने की उम्मीद है।
नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने क्षेत्रवासियों से की अपील
कार्यक्रम के संबंध में नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने बताया कि अमित कुमार दुर्वे एक प्रतिभाशाली भजन गायक एवं संगीतकार हैं, जो बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के कार्यक्रमों में प्रमुख संगीतकार के रूप में अपनी सेवाएं देते हैं। उनकी भजन प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से जोड़ती हैं।
मुकेश दुबे ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, नगरवासियों एवं धर्मप्रेमियों से अपील की है कि वे 19 अक्टूबर को रात्रि 8 बजे खेरमाई दुर्गा उत्सव पंडाल, गौरेला में अपने इष्ट-मित्रों एवं परिवार सहित उपस्थित होकर भजन संध्या में सहभागी बनें तथा स्वर्गीय श्रीमती त्रिवेणी दुबे जी की स्मृति में आयोजित इस भक्तिमय कार्यक्रम को सफल बनाएं।