नायब तहसीलदार की गाड़ी में टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर चालक-मालिक गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान शासकीय वाहन को बनाया था निशाना, एसपी के निर्देश पर दो विशेष टीमें गठित; चंद घंटों में पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा
शहडोल। अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार के शासकीय वाहन में टक्कर मारने के मामले में देवलोंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर दो विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। मामले में शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकने पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, बुढ़वा वृत्त में पदस्थ नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थीं। इसी दौरान ग्राम समान में रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने वाहन रोकने के बजाय नायब तहसीलदार के शासकीय वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर से सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर खेत की ओर भाग गया। इस दौरान ट्रैक्टर का इंजन और ट्रॉली अलग-अलग हो गए। इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।
शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
घटना के बाद नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय ने देवलोंद थाने में शिकायत दर्ज कराई। शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने दो विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने जांच और तलाश के बाद ट्रैक्टर चालक प्रकाश उर्फ सत्यम बैस तथा वाहन मालिक कृष्णपाल बैस को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी बुढ़वा-2, थाना देवलोंद के निवासी हैं।
ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। देवलोंद थाना प्रभारी जिया उल हक के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई थी। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।