एसपी के निर्देश पर देवलोंद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चंद घंटों में ट्रैक्टर चालक-मालिक गिरफ्तार

0

नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय के शासकीय वाहन में टक्कर मारने का मामला, दो विशेष टीमों ने संभाला मोर्चा

शहडोल। जिले के देवलोंद थाना क्षेत्र में शासकीय कार्य के दौरान नायब तहसीलदार के वाहन में टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने तत्परता और सक्रियता का परिचय देते हुए चंद घंटों के भीतर ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर की गई इस त्वरित कार्रवाई ने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले मामलों में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। घटना के तत्काल बाद दो विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई थी।

अवैध रेत परिवहन रोकने के दौरान हुई घटना

पुलिस के अनुसार, बुढ़ार वृत्त में पदस्थ नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थीं। इसी दौरान ग्राम समान क्षेत्र में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने वाहन रोकने के बजाय नायब तहसीलदार के शासकीय वाहन में टक्कर मार दी, जिससे सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर खेत में घुस गया। इस दौरान ट्रैक्टर का इंजन और ट्रॉली अलग-अलग हो गए तथा चालक मौके से फरार हो गया।

 

शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेज की कार्रवाई

नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय की शिकायत पर देवलोंद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दो विशेष टीमों का गठन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उनके निर्देशन में पुलिस टीमों ने सक्रियता से तलाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ट्रैक्टर चालक प्रकाश उर्फ सत्यम बैस और वाहन मालिक कृष्णपाल बैस के रूप में हुई है। दोनों बुढ़वा-2, थाना देवलोंद क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने मामले में ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त करने की कार्रवाई की।

एसपी के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई की सराहना

घटना के बाद जिस तेजी से पुलिस अधीक्षक ने विशेष टीमें गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए और देवलोंद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया, वह पुलिस की तत्परता को दर्शाता है। थाना प्रभारी जिया उल हक के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed