साधुराम स्कूल में विराजीं मां दुर्गा, महापौर और निगमायुक्त ने पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद 56 वर्षों से निरंतर चली आ रही नगर निगम कर्मचारी दुर्गोत्सव की परंपरा, चार दिनों तक भक्ति, आराधना और सांस्कृतिक आयोजनों से गूंजेगा परिसर

0

साधुराम स्कूल में विराजीं मां दुर्गा, महापौर और निगमायुक्त ने पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
56 वर्षों से निरंतर चली आ रही नगर निगम कर्मचारी दुर्गोत्सव की परंपरा, चार दिनों तक भक्ति, आराधना और सांस्कृतिक आयोजनों से गूंजेगा परिसर
कटनी। शक्ति की आराधना, अटूट श्रद्धा और धार्मिक परंपरा के पावन वातावरण में शनिवार शाम साधुराम स्कूल परिसर में नगर निगम कर्मचारी दुर्गोत्सव समिति द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमा की विधि-विधान के साथ स्थापना की गई। मां के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार (आईएएस) सहित नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता कर मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाया तथा नगर की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
प्रतिमा स्थापना के अवसर पर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने यजमान के रूप में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर धार्मिक अनुष्ठान की रस्में संपन्न कराईं। इसके पश्चात महापौर सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और निगम परिवार के सदस्यों ने मां दुर्गा की आराधना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा-अर्चना के साथ ही साधुराम स्कूल परिसर भक्तिरस में डूब गया और पूरा वातावरण मां की भक्ति से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, पार्षद श्रीमती शकुंतला सोनी एवं श्रीमती रेखा संजय तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, अनुराग त्रिसोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

56 वर्षों से अटूट आस्था, निगम परिवार की एकजुटता का प्रतीक बना दुर्गोत्सव
नगर निगम कर्मचारी दुर्गोत्सव समिति की यह परंपरा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि निगम परिवार की सामूहिक आस्था, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक एकजुटता का भी प्रतीक बन चुकी है। राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि समिति द्वारा वर्ष 1971 से लगातार दुर्गोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष आयोजन का 56वां वर्ष मनाया जा रहा है।
वर्षों से चली आ रही यह परंपरा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को एक सूत्र में पिरोने के साथ ही आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करती है। मां दुर्गा की आराधना के माध्यम से निगम परिवार के सदस्य सामूहिक रूप से सुख-शांति और जनकल्याण की कामना करते हैं।
इस दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, निगम कर्मचारी विनोद सिंह चौहान, आलोक तिवारी, लवकुश तिवारी, सनीश रजक, पूर्व कर्मचारी संघ अध्यक्ष गणेश बिचपुरिया सहित निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

अष्टमी की महाआरती से नवमी के जागरण तक, भक्ति में डूबेगा साधुराम स्कूल परिसर
नगर निगम कर्मचारी दुर्गोत्सव समिति द्वारा आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मां दुर्गा की आराधना, महाआरती, जागरण, हवन और कन्या भोज के माध्यम से श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में पर्व मनाएंगे।
आज रविवार, 18 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी के अवसर पर सुबह 9 बजे आरती एवं महाआरती होगी। शाम 7 बजे से हनुमान अंश फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। सोमवार, 19 अक्टूबर को दुर्गा नवमी पर सुबह 9 बजे आरती एवं महाआरती के बाद शाम 7 बजे से भव्य जागरण का आयोजन होगा। वहीं मंगलवार, 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर सुबह 9 बजे आरती, 10 बजे हवन, दोपहर 1 बजे से कन्या भोज एवं भंडारा आयोजित किया जाएगा। इसी दिन शाम 4 बजे मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

मां के दरबार में सपरिवार पहुंचने की अपील
नगर निगम कर्मचारी दुर्गोत्सव समिति ने जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों तथा समस्त नगरवासियों से सपरिवार धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है। समिति का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में सहभागी बनें और इस पुरातन धार्मिक परंपरा को मिल-जुलकर आगे बढ़ाएं।
साधुराम स्कूल परिसर में सजे मां के दरबार में अगले दिनों तक भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहेगा। मां दुर्गा की आराधना के साथ यह आयोजन आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश भी देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed