रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड को महापौर की सौगात, 50.15 लाख रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ सीसी सड़क निर्माण से राहगीरों और विद्यार्थियों को मिलेगी राहत, सामुदायिक भवन से गरीब परिवारों को मिलेगी सामाजिक आयोजनों की सुविधा

0

रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड को महापौर की सौगात, 50.15 लाख रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ
सीसी सड़क निर्माण से राहगीरों और विद्यार्थियों को मिलेगी राहत, सामुदायिक भवन से गरीब परिवारों को मिलेगी सामाजिक आयोजनों की सुविधा
कटनी।। नगर निगम द्वारा शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की पहल पर रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड में कुल 50 लाख 15 हजार रुपये की लागत से सीसी सड़क एवं सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद विनोद लाला (भुट्टू) यादव, एमआईसी सदस्यों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वार्ड की कन्याओं के करकमलों से निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं शुभारंभ कराया गया।
इन विकास कार्यों से वार्ड में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ स्थानीय नागरिकों को सामाजिक एवं मांगलिक आयोजनों के लिए आवश्यक स्थान भी उपलब्ध होगा। लंबे समय से बेहतर सड़क और सामुदायिक सुविधा की आवश्यकता महसूस कर रहे वार्डवासियों को इन कार्यों से राहत मिलने की उम्मीद है।
25.31 लाख रुपये से बनेगी सीसी सड़क
रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड में पड़रवारा शासकीय स्कूल से बल्लू नाई के घर तक तथा आदिवासी बस्ती में सीसी सड़क निर्माण के लिए लगभग 25 लाख 31 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पक्की सड़क बनने से स्थानीय रहवासियों के आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही विद्यार्थियों, राहगीरों और अन्य नागरिकों को भी आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। सड़क निर्माण से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी।

24.84 लाख रुपये से बनेगा सामुदायिक भवन
वार्ड में लगभग 24 लाख 84 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण भी कराया जाएगा। यह भवन स्थानीय नागरिकों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन में उपयोगी साबित होगा। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निजी स्थान के अभाव में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। सामुदायिक भवन वार्डवासियों की सामूहिक आवश्यकताओं को पूरा करने और सामाजिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

गरीब परिवारों के लिए सामाजिक संबल बनेगा भवन : महापौर
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि सामुदायिक भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए सामाजिक संबल साबित होगा। कई परिवार आर्थिक तंगी के कारण अपने घरों में छोटे-मोटे मांगलिक कार्यक्रम या सामाजिक बैठकें आयोजित नहीं कर पाते। ऐसे परिवारों को एक सुसज्जित एवं सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन के निर्माण से सभी वर्गों के नागरिक अपने सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों को सम्मानपूर्वक और सहजता से संपन्न कर सकेंगे।

विकास कार्यों के लिए पार्षद ने जताया आभार
क्षेत्रीय पार्षद विनोद लाला (भुट्टू) यादव ने कहा कि वार्ड में सीसी सड़क और सामुदायिक भवन, दोनों ही निर्माण कार्य नागरिकों की जरूरतों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य हैं। सड़क बनने से लोगों का आवागमन सुगम होगा, वहीं सामुदायिक भवन उन परिवारों के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहेगा, जिन्हें निजी स्तर पर सामाजिक एवं मांगलिक कार्यक्रम आयोजित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इन विकास कार्यों को स्वीकृति देने और वार्ड में जनसुविधाओं के विस्तार की पहल के लिए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इन निर्माण कार्यों से वार्डवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद श्रीमती शकुंतला सोनी, श्रीमती रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed