एमपी टूरिज्म क्विज-2026 में बालाघाट की टीम प्रथम
एमपी टूरिज्म क्विज-2026 में बालाघाट की टीम प्रथम
भोपाल। एमपी टूरिज्म बोर्ड द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज-2026 में बालाघाट की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। धार की टीम द्वितीय और सीधी की टीम तृतीय स्थान पर रही। कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के 53 जिलों से 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि पर्यटन क्विज विद्यार्थियों को प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ पर्यटन के क्षेत्र में करियर बनाने के अवसरों से भी जोड़ती है।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि पर्यटन से जुड़कर युवा अपना उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालाघाट की टीम को 5 दिन और 4 रात, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली धार की टीम को 4 दिन और 3 रात तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली सीधी की टीम को 3 दिन और 2 रात का निःशुल्क टूर पैकेज प्रदान किया गया। अन्य फाइनलिस्ट टीमों को भी मध्यप्रदेश भ्रमण का अवसर दिया गया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।