संजय चौक में बेकाबू पल्सर का कहर, सीधे डेयरी दुकान में घुसी बाइक; 40 हजार का नुकसान
बाइक पर सवार तीन युवक, एक घायल; दुकानदार और बेटे ने किसी तरह बचाई जान, पुलिस ने दर्ज किया मामला
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला अब आम लोगों के साथ-साथ दुकानदारों के लिए भी खतरा बनता जा रहा है। गौरेला के संजय चौक में 5 नवंबर की रात एक तेज रफ्तार बजाज पल्सर 160 अनियंत्रित होकर सीधे डेयरी दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान का सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे दुकानदार को करीब 40 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। बाइक सवार तीन युवकों में से एक युवक घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर की रात करीब 9:15 बजे श्री शारदा डेयरी एंड डेली नीड्स के संचालक नारायण प्रसाद गुप्ता अपने बेटे के साथ दुकान में मौजूद थे। इसी दौरान वेंकटनगर की ओर से आ रही सफेद रंग की बिना नंबर की बजाज पल्सर 160 बाइक अचानक अनियंत्रित होकर दुकान के भीतर जा घुसी। बाइक पर भरत साहू, नरेंद्र साहू और मुकेश रजक सवार थे। दुर्घटना में नरेंद्र साहू घायल हो गया।
दुकान का सामान तबाह, 40 हजार रुपये की क्षति
बाइक की टक्कर से दुकान में रखा करीब 20 लीटर घी, प्लाईवुड का काउंटर, फ्रिज, डीप फ्रीजर सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए इस हादसे से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दुकान संचालक नारायण प्रसाद गुप्ता और उनका बेटा सुरक्षित बच गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
दुकान संचालक की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 0487/26 के तहत बाइक चालक भरत साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(ए), 281 एवं 324(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहन चालकों पर नियंत्रण, यातायात नियमों के पालन और सड़क किनारे संचालित दुकानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बेलगाम रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए जिम्मेदार विभाग कब सख्त कदम उठाएंगे?