पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बाजारों में किया पैदल भ्रमण त्योहार पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस बल को दिए सतर्कता के निर्देश, अग्निशमन वाहन के साथ किया क्विक रिस्पॉन्स रिहर्सल
पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बाजारों में किया पैदल भ्रमण
त्योहार पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस बल को दिए सतर्कता के निर्देश, अग्निशमन वाहन के साथ किया क्विक रिस्पॉन्स रिहर्सल
कटनी। दीपावली के पावन पर्व पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। वहीं धनतेरस एवं दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने कोतवाली एवं माधवनगर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना तिराहा, झंडा बाजार, सराफा बाजार, सुभाष चौक, तांगा स्टैंड, इमलिया फटाका बाजार एवं माधवनगर बाजार सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, बाजारों की सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही दुकानदारों एवं नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
संकरी गलियों में आग से निपटने की तैयारियों का परीक्षण
दीपावली के दौरान आतिशबाजी और आगजनी की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी है। बाजारों की संकरी गलियों में आपात स्थिति के दौरान फायर ब्रिगेड की पहुंच, त्वरित कार्रवाई और आग पर नियंत्रण की तैयारियों को परखने के लिए फायर ब्रिगेड के साथ क्विक रिस्पॉन्स एवं फायर कंट्रोल का रिहर्सल किया गया। यह अभ्यास इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि घनी आबादी और संकरी बाजार गलियों में आग लगने की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद निर्णायक होते हैं। ऐसे में समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू करना जान-माल के नुकसान को कम करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
पुलिस बल को मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश
एसपी ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों में अनावश्यक जाम, अव्यवस्था और सुरक्षा संबंधी लापरवाही की स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए। पुलिस की प्राथमिकता नागरिकों एवं व्यापारियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
मिट्टी के दीये खरीदकर दिया स्वदेशी का संदेश
सुरक्षा व्यवस्था के निरीक्षण के साथ पुलिस अधीक्षक ने सामाजिक सरोकार का संदेश भी दिया। उन्होंने स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये खरीदकर छोटे व्यापारियों एवं पारंपरिक कारीगरों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि दीपावली पर स्थानीय कुम्हारों और छोटे दुकानदारों से मिट्टी के दीये खरीदें, ताकि उनके रोजगार को बढ़ावा मिल सके।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, डीएसपी हेडक्वार्टर श्री रत्नेश मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली श्रीमती राखी पांडे एवं यातायात प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस ने जिलेवासियों से धनतेरस एवं दीपावली का पर्व शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की है। नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, बाजारों में अनावश्यक भीड़ एवं जाम की स्थिति से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने का आग्रह किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने समस्त जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं खुशहाल दीपावली मनाने का संदेश दिया।