विश्वविद्यालय के कर्मचारी छात्राओं से करते हैं अभद्र व्यवहार
ज्ञापन सौंप दी अभाविप ने आंदोलन की चेतावनी
शहडोल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने पंडित एस. एन. शुक्ला विश्वविद्यालय के दो कर्मचारी परीक्षा विभाग के कम्प्यूटर ऑपरेटर मृत्युंजय सिंह व विश्वविद्यालय पुरानी बिल्डिंग के गिरीश द्विवेदी को छात्र-छात्राओं से अभद्र व्यवहार एवं छात्रों को अनावश्यक प्रताडि़त करने, फेल करने की धमकी देने, छात्राओं के नंबर पर रात्रि में अनावश्यक फ़ोन करके परेशान करने तथा अधिकारों के गलत प्रयोग करने के विरोध में उनके विभागों से त्वरित प्रभाव से हटाने की मांग को लेकर कुलसचिव विनय सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए दोनों पर शीघ्र कार्यवाही न होने की स्थिति में छात्र-छात्राओं के सम्मान में विश्वविद्यालय का घेराव कर वृहद आंदोलन की चेतावनी दी है।
छात्राओं के रात में करते हैं फोन
परीक्षा विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर मृत्युंजय सिंह का छात्र-छात्राओं के साथ निरंतर गलत आचरण रहा है, छात्रों के कामों को लेकर अनावश्यक व्यक्तिगत मिलने को बुलाना, छात्रों को फेल करने व जीवन बर्बाद करने की धमकी देना व विश्वविद्यालय प्रशासन की सह में पूरे परीक्षा विभाग व प्रवेश प्रक्रिया को तानाशाही तरीके से चलाना, यदि किसी छात्रा बहन का काम हो तो, उन्हें अपने फ़ोन पर रात 8 बजे के बाद फ़ोन करने को कहकर अभद्र बातें करना इसके अलावा कई प्रकार से छात्रों को प्रताडि़त करते रहे हैं।
हो चुकी है एफआईआर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि विश्वविद्यालय पुरानी बिल्डिंग में कार्यरत गिरीश द्विवेदी भी छात्राओं को अलग से बुलाकर उनके फार्म जमा करने के लिए उनका व उनके फ़ोन नंबर लेकर दुरुपयोग करते आए हैं व छात्रों को दबाते है, विश्वविद्यालय के पास व्यवस्थित तंत्र न होने की वजह से गिरीश निरंतर भोले-भाले छात्रों को फंसा रहे हैं। दोनों कर्मचारियों के खिलाफ पहले भी न केवल विश्वविद्यालय में शिकायत कि बल्कि पुलिस रिपोर्ट एफआइआर भी हो चुकी है, पिछले वर्ष पुलिस के पास रिपोर्ट होने से दोनों के जेल जाने के बावजूद भी अभी तक दोनों कर्मचारियों को विश्वविद्यालय बड़े-बड़े विभाग का पूरा प्रभार दिए हुए हैं। जिसके कारण दोनों विश्वविद्यालय के अधिकारियों के संरक्षण में भ्रष्टाचार फैला रहें हैं व छात्र-छात्राओं को प्रताडि़त कर रहें हैं।
ये रहे मौजूद
कुलसचिव विनय सिंह को ज्ञापन देने के दौरान अभाविप के अरुणेन्द्र पाण्डेय, डॉक्टर सिंह मार्को, शिवम वर्मा, पुष्पराज सिंह, शुभम राठौर, सिंघम सिन्द्रम, सुजीत खटीक, अभिषेक यादव आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।