दिन-दहाडे तीन महिलाओं पर जानलेवा हमला
पहले किया जमीन कब्जा, फिर फावडा से किया महिलाओं पर वार
घटना नपा के वार्ड नंबर-9 में विकलांग छात्रावास के पास की
अनूपपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रविवार 21 मार्च की दोपहर जमीनी विवाद में महिलाओं पर जानलेवा हमला किया गया, जहां श्रीमती विमला राठौर का हाथ टूटा और सर पर गहरी चोटे भी आई वही अन्य दो महिलाओं को भी चोटे पहुंची है। नपा की वार्ड नंबर-9 में लगभग 25 डिसमिल विमला, चंदा व सुनीता राठौर की पुस्तैनी भूमि दस्तावेज में दर्ज है, जहां परिवार के ही सीताराम राठौर के द्वारा उनके भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था, जब इसका विरोध किया तो उन्होने जान से मारने की धमकी व गली-गलौच करने लगे।
18 मार्च को किया था आगाह
विमला राठौर के अपने जमीन पर कब्जा होते सुनी तो वह 18 मार्च को जब वार्ड नंबर-9 की अपनी पट्टे आराजी की भूमि पर पहुंची, जहां वही पर निवास करने वाले सीताराम राठौर और पुत्र विवेक राठौर के द्वारा उनसे गाली-गलौच करने लगे, जिसके बाद विमला अपने घर अनूपपुर बस्ती लौट आई, मामला यहां पर भी नही रूका सीताराम राठौर और पुत्र विवेक राठौर विमला के घर बस्ती पहुंचे और वहां भी जान से मारने की धमकी देकर चले आये। जिसके बाद विमला ने 18 मार्च को ही कोतवाली पुलिस को शिकायत देते हुए जान की रक्षा की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई थी।
जमीनी विवाद बना जानलेवा

दो दिन पहले विमला के द्वारा अपने साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दे दी थी, लेकिन पुलिस ने उनकी सुरक्षा में कुछ नही की, जिसके कारण सीतराम राठौर और पुत्र विवेक का हौसला और बढ गया, 21 मार्च को जब विमला और उनकी बहने चंदा व सुनीता उक्त भूमि पर पहुंची तो वहां खडा सीताराम और उसका पुत्र विवेक के द्वारा फावडा से जानलेवा हमला करते हुए सर फोडने का प्रयास किया गया। उक्त हमले में विमला के सर पर गंभीर चोटे आई और हाथ फैक्चर हो गया वही दोनो बहनो को भी चोटे पहुंची है।
पुलिस ने किया दोनो पर अपराध दर्ज
उक्त घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने दोनो पक्षों पर अपराध दर्ज करते हुए मामला कर लिया है। जहां सीताराम राठौर, विवेक राठौर, बिट्टी राठौर और ऊषा राठौर पर धारा 323, 294, 506बी, 34 कायम करते हुए मामले की जांच कर रही है, दूसरे पक्ष पर भी मामला कायम करते हुए विवेचना में ली है।
वीडियों पर नही संज्ञान
महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण की बातें करने वाले जिम्मेदार विभागों ने अभी तक किसी भी प्रकार का संज्ञान नही लिया है, जबकि दो दिनो से सोशल मीडिया में महिलाओं पर फावडे से भयावह वार की वीडियों चल रही है, लेकिन अभी तक किसी ने भी संज्ञान में नही लिया।
इनका कहना है
मामला पंजीबद्व कर लिया गया है, जांच व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं और बढाई जायेगी।
खेम सिंह पेन्द्रो, कोतवाली प्रभारी