रहस्य और रक्त के साथ 200 मीटर दूर मिला सुराग, ट्रक में मिला चालक का रक्तरंजित शव हत्या या हादसा पुलिस जांच में जुटी
रहस्य और रक्त के साथ 200 मीटर दूर मिला सुराग, ट्रक में मिला चालक का रक्तरंजित शव हत्या या हादसा पुलिस जांच में जुटी
कटनी।। जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छपरा स्थित रजा मार्बल के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हाईवे किनारे खड़ी एक स्वराज माजदा वाहन में चालक की रक्तरंजित लाश बरामद हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल बन गया है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय राकेश दहिया पिता घासी राम दहिया
निवासी वार्ड नंबर 14 खितौला, सिहोरा जिला जबलपुर के रूप में हुई है। राकेश पेशे से ट्रक चालक था और 10 अप्रैल 2026 को स्वराज माजदा वाहन क्रमांक MP 20 GA 6242 लेकर कटनी गया था। बताया जा रहा है कि वह बिलहरी से मटके लोड कर जबलपुर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में यह रहस्यमयी घटना हो गई।
थाना प्रभारी सुदेश सुमन के अनुसार, देर रात करीब 2 बजे एनएचएआई के माध्यम से सूचना मिली कि छपरा के आगे एक वाहन संदिग्ध अवस्था में खड़ा है, जिसमें एक शव मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया गया। एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर एक खून से सनी लोहे की रॉड बरामद की गई है। मृतक के शरीर पर भी चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं फिंगरप्रिंट टीम द्वारा वाहन की बारीकी से जांच की गई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है।