सेवा और संवेदना का संगम बंदरों को भोजन कर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
सेवा और संवेदना का संगम बंदरों को भोजन कर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
कटनी।। शहर में सामाजिक सरोकारों को मजबूती देने वाली श्री महाकाल सरकार सेवा समिति (रजि.) ने एक बार फिर सेवा और संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ ही समिति के सदस्यों ने पशु-पक्षियों और प्रकृति संरक्षण के उद्देश्य से बंदरों के लिए भोजन की व्यवस्था की। समिति द्वारा की जाने वाली सेवाएं सामान्यतः बिना किसी प्रचार-प्रसार के निरंतर जारी रहती हैं, लेकिन समाज में जागरूकता और सकारात्मक प्रेरणा फैलाने के उद्देश्य से ऐसे कार्य समय-समय पर साझा किए जाते हैं। यह पहल न केवल जीव-जंतुओं के प्रति करुणा का संदेश देती है, बल्कि आमजन को भी इस दिशा में आगे आने के लिए प्रेरित करती है। समिति के सदस्यों ने बताया कि सेवा करने के लिए किसी बड़े मंच या संगठन की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि हर व्यक्ति अपने स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास कर समाज और प्रकृति के लिए बड़ा योगदान दे सकता है। विशेष रूप से गर्मी के दिनों में पशु-पक्षियों के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था करना अत्यंत आवश्यक है। इस पुनीत कार्य के माध्यम से समिति ने यह संदेश दिया है कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए सभी जीव-जंतुओं का संरक्षण जरूरी है। समाज के अन्य लोगों से भी अपील की गई है कि वे आगे आकर इस तरह के सेवा कार्यों में भागीदारी निभाएं।