गरीब के आशियाने में लगा दी आग, सबकुछ जलकर हुआ खाक
गरीब के आशियाने में लगा दी आग, सबकुछ जलकर हुआ खाक
तीन नामजद व्यक्तियों के खिलाफ मामला हुआ पंजीबद्व
अनूपपुर। थाना अमरकंटक अंतर्गत ग्राम बहपुर में निवास करने वाले भूमसेन महरा और उसका परिवार रात्रि में विश्राम कर रहे थे, गांव के ही तीन व्यक्तियों के द्वारा रात्रि में घर पहुंच कर पूछताछ कर रहे थे, उसके कुछ ही घंटे बाद घर में आग जलने लगी। पुरानी रंजिश कहे या फिर बदला लेने के लिए इस तरह गरीब के आशियाने को आग के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार फरियादी भूमसेन महरा पिता रामगोविन्द महरा उम्र 60 वर्ष निवासी वार्ड क्र. 07 नीबेटोला ग्राम बहपुर अपनी पत्नी सोनमती बाई के साथ अमरकंटक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया कि पूर्व में विजेन्द्र महरा की पत्नी सरोज महरा निवासी ग्राम बहपुर द्वारा दुर्योधन महरा निवासी बहपुर के विरुध्द धारा 376 का अपराध पंजीबद्ध कराई थी, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

दुर्योधन कों ढंढ रहे थे आरोपी
इन दिनों दुर्योधन न्यायालय से जमानत पर है 7 जुलाई की रात फरियादी अपनी पत्नी सोनी बाई तथा लड़का दुर्योधन के साथ खाना खाकर सो गये थे, रात करीब 2 बजे अखिलेश महरा, सुरेन्द्र महरा व राजेश महरा तीनों फरियादी घर पहुंचे थे। आवाज लगाकर फरियादी व उसकी पत्नी को उठाये और पूछे कि दुर्योधन कहाँ है, उन्होने कहा कि दुर्योधन घर में सो रहा है, पिता ने तीनो से पूछा कि दुर्योधन से क्या काम है, तब तीनों बोले कि हमको दुर्योधन से कुछ बात करना था सो गया है तो सुबह हम आकर बात कर लेगे।

फिर लगा दी आग
सुबह मिलने की बात कहकर फरियादी के घर से चले गये, करीब आधा घण्टा बाद घर के जिस कमरे में पैरा रखा था, उसी कमरे में तीनों आग लगा कर भाग गये, जिससे कमरे में रखा पैरा में आग लग जाने से पैरा तथा घर में आग लग जाने से पूरा घर जलकर खाक हो गया, इस घटना को देखकर दुर्योधन चिल्लाया, तब पडोस के लोग आकर आग बुझाये है।
ढाई लाख का नुकसान
गरीब के आशियाने में आग लगने के कारण लगभग ढाई लाख रूपए का नुकसान हुआ है। रात्रि में ही में उमेश महरा, बेला बाई, लालबिहारी तथा अन्य लोगों को लाकर दिखाया गया। आग लगने से खप्पर, मलगा, मयार तथा चना की दाल 15 किलो, 4 किलो घी, 20 क्विंटल धान तथा घरेलु उपयोग के अन्य सामान जलकर नष्ट हो गये। करीब ढाई लाख रुपये की नुकसानी हुई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि अखिलेश महरा, सुरेन्द्र महरा, राजेश महरा तीनो मिलकर घर में आग लगाये है, जिससे घर जलकर खाक हो गया है। पुलिस ने 436, 34 धारा के तहत् मामला पंजीबद्व करते हुए विवेचना कर रही है।