हर हर महादेव की गूंज के साथ शिव भक्ति का महापर्व 200 वर्ष प्राचीन मधई मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और आस्था से सजेगा महाशिवरात्रि महोत्सव
हर हर महादेव की गूंज के साथ शिव भक्ति का महापर्व
200 वर्ष प्राचीन मधई मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और आस्था से सजेगा महाशिवरात्रि महोत्सव
कटनी।। जब-जब फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि आती है, तब-तब समूचा वातावरण ॐ नमः शिवाय के जयघोष से गुंजायमान हो उठता है। इसी दिव्य परंपरा को साक्षात् साकार करता हुआ नगर का 200 वर्ष प्राचीन मघई मंदिर एक बार फिर देवाधिदेव भगवान शिव शंकर की अखंड भक्ति में डूबने जा रहा है।15 फरवरी, रविवार को यहां महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन श्रद्धा, उल्लास और शिवमय वातावरण के साथ किया जाएगा।
प्राचीन काल से आस्था का केंद्र रहा मघई मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि शिव भक्ति की जीवंत धरोहर है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर परिसर को पुष्पों, दीपों एवं विद्युत सज्जा से अलंकृत किया जाएगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़, घंटा-घड़ियालों की ध्वनि और हर ओर गूंजता हर हर महादेव का जयकारा वातावरण को पूर्णतः शिवमय बना देगा।
प्रातः काल से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। दोपहर 1 बजे महाअभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिवलिंग का विधिवत पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे भगवान शिव शंकर जी की पावन एवं दिव्य बारात निकाली जाएगी, जिसमें भक्त शिव-पार्वती के स्वरूपों के दर्शन कर भावविभोर हो उठेंगे।
सायंकाल पंच महाआरती के समय दीपों की लौ के साथ श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। प्रसाद वितरण के पश्चात रात्रि 8 बजे से उज्जैन के प्रसिद्ध भजन गायक किशन भगत द्वारा प्रस्तुत शिव भजन श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर देंगे। भजनों के माध्यम से शिव महिमा, वैराग्य और करुणा का दिव्य संदेश गूंजेगा।
मंदिर समिति के अनुसार, इस वर्ष महाशिवरात्रि पर्व को लेकर भक्तों में अभूतपूर्व उत्साह है और हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को शांतिपूर्ण एवं भव्य बनाने हेतु समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
आयोजकों ने समस्त शिव भक्तों से आग्रह किया है कि वे सपरिवार इस पावन अवसर पर पधारकर भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्त करें और इस ऐतिहासिक मंदिर में आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव के साक्षी बनें।