बाबा घाट में भीषण सड़क हादसा चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत, जन्मदिन से लौटते समय टूटी जिंदगी की डोर
बाबा घाट में भीषण सड़क हादसा चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत, जन्मदिन से लौटते समय टूटी जिंदगी की डोर
कटनी।। एनकेजे थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबा घाट के पास गत रात्रि एक हृदयविदारक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक आपस में चाचा-भतीजे बताए जा रहे हैं, जिनकी असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड नया गांव निवासी 19 वर्षीय सुनील भूमिया और 18 वर्षीय राहुल भूमिया अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 21 ZJ 0382 से कटनी आए हुए थे। दोनों युवक अपने एक मित्र का जन्मदिन मनाने के बाद देर रात वापस अपने गांव नया गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बाबा घाट के समीप उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवकों को मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही एनकेजे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक आपस में चाचा-भतीजे थे और परिवार में बेहद करीबी थे। एक साथ दोनों की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
फिलहाल एनकेजे पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार और रात के समय सड़क की परिस्थितियां हादसे की वजह हो सकती हैं, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।