आज़ादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में जिला चिकित्सालय में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित
आज़ादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में जिला चिकित्सालय में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित

कटनी। आजादी के अमृत महोत्सव पर आज जिला चिकित्सालय के एमसीएच भवन के प्रथम तल पर आज सुबह 11बजे से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाजसेवा के लिए समर्पित संस्था जनपरिषद के सदस्यों ने रक्तदान कर पीड़ित मानवता की सेवा का संदेश दिया। जनपरिषद की ओर से संस्था के प्रदेश सचिव और सूत्रधार आशीष सोनी, कटनी चैप्टर के अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव प्रखर, पूर्व अध्यक्ष मनोज बर्मन, उपाध्यक्ष अजय खरे पंकज, संस्था की वूमन विंग की अध्यक्ष नीलम जगवानी ने रक्तदान किया। रक्तदान कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डा यशवंत वर्मा ने कहा है कि रक्तदान महादान है, इससे आप किसी दूसरे व्यक्ति की जिंदगी बचा सकते हैं। कई बार तो यह रक्तदान किसी अपने की जिंदगी बचाने के भी काम आ जाता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए।
आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव पर जिला चिकित्सालय में जिला रेडक्रास सोसायटी के सदस्यों की भी उपस्थिति रही। जनपरिषद ने आम जनता को संदेश दिया है कि रक्तदान 18 वर्ष से 65 वर्ष आयु वर्ग का कोई व्यक्ति कर सकता है, जो स्वस्थ हो और किसी भी गंभीर बीमारी से पीड़ित न हो। रक्त देने से शरीर में खून की कमी या किसी भी प्रकार की कोई कमजोरी नहीं आती है। मानव जीवन अनमोल है, इसलिए आपके रक्तदान से किसी की जिंदगी बचती है तो रक्तदान अवश्य करें। मानव सेवा के पुण्य लाभ के भागीदार बने।