हनुमान जयंती पर मंगली बाजार में विशाल भंडारे का आयोजन
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही/गौरेला
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर मंगली बाजार स्थित पानी टंकी हनुमान मंदिर में एक विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का सफल आयोजन बड़े भैया इन्द्रेश अग्रवाल जी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। मंगली बाजार पानी टंकी दुर्गा उत्सव समिति के सभी सदस्यों ने समर्पण और सहयोग की भावना के साथ इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि गैस की अंतरराष्ट्रीय कमी जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद समिति के किसी भी सदस्य ने हिम्मत नहीं हारी। सभी ने एकजुट होकर सेवा भाव का परिचय दिया और भंडारे को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया।
मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भंडारे में प्रसाद वितरण सुव्यवस्थित तरीके से किया गया, जिससे सभी श्रद्धालु संतुष्ट नजर आए।
समिति के सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, एकता एवं सेवा भावना को बढ़ावा देते हैं। भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया गया।