दरौडी गांव में खेत की फेंसिंग में फंसा तेंदुआ, वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

0

दरौडी गांव में खेत की फेंसिंग में फंसा तेंदुआ, वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
कटनी।। जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा अंतर्गत ग्राम दरौडी में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक खेत की लोहे की फेंसिंग तार में तेंदुआ फंसा हुआ पाया गया। सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुआ खेत की फेंसिंग में बुरी तरह उलझ गया है और उसके घायल होने की आशंका भी जताई जा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद वन अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।
वन विभाग द्वारा सुरक्षा के मद्देनज़र आम नागरिकों के घटनास्थल के पास जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि यदि तेंदुआ तार से छूट जाए तो किसी भी प्रकार की जनहानि न हो। वहीं तेंदुए की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे किसी प्रकार की उत्तेजना या नुकसान न पहुंचे, इसके लिए भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
वन अधिकारियों ने तत्काल बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को सूचना दी है। जैसे ही टीम मौके पर पहुंचेगी, तेंदुए को वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से फेंसिंग से मुक्त किया जाएगा। इसके पश्चात तेंदुए का चिकित्सकीय परीक्षण एवं प्राथमिक उपचार किया जाएगा और स्वस्थ पाए जाने पर उसे सुरक्षित रूप से बांधवगढ़ के जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। वही वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि ग्रामीण अफवाहों पर ध्यान न दें,घटनास्थल के आसपास न जाएं ,वन अमले का सहयोग करें,खेतों और खुले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचें,बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें वन विभाग द्वारा पूरी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed