कटनी–बिलासपुर रेलखंड पर बड़ा रेल हादसा कोयला लदी मालगाड़ी के कई डिब्बे बेपटरी, रेल यातायात प्रभावित जबलपुर से पहुंची तकनीकी टीम, सुधार कार्य जारी
कटनी–बिलासपुर रेलखंड पर बड़ा रेल हादसा
कोयला लदी मालगाड़ी के कई डिब्बे बेपटरी, रेल यातायात प्रभावित जबलपुर से पहुंची तकनीकी टीम, सुधार कार्य जारी
कटनी।। कटनी–बिलासपुर रेलखंड पर शनिवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया, जब कोयले से लदी एक मालगाड़ी के चार से अधिक डिब्बे पटरी से उतर गए। यह दुर्घटना न्यू कटनी जंक्शन एनकेजे क्षेत्र के गायत्री नगर आउटर के पास सुबह लगभग 10:30 से 11 बजे के बीच हुई। हादसे के बाद इस व्यस्त रेल मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और रेल यातायात आंशिक रूप से प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर की ओर से कटनी आ रही कोयला लदी मालगाड़ी जैसे ही गायत्री नगर आउटर के समीप पहुंची, अचानक उसके चार से अधिक वैगन पटरी से उतरकर एक ओर झुक गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जीआरपी तथा आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर हालात का जायजा लिया गया।
दुर्घटना के बाद रेलवे द्वारा तत्काल राहत एवं सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है। बेपटरी हुए डिब्बों को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने के लिए भारी मशीनों और विशेष उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। स्थिति को जल्द सामान्य करने के लिए जबलपुर से तकनीकी रूप से प्रशिक्षित इंजीनियरों और कर्मचारियों की विशेष टीम भी मौके पर पहुंच गई है, जो लगातार ट्रैक बहाली के कार्य में जुटी हुई है।
इस हादसे के कारण बीना–बिलासपुर तथा सिंगरौली रेलखंड पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग यानी ग्रेड सेपरेटर से चलाया गया, जबकि कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट करना पड़ा।
परिवर्तित मार्ग से चलीं ट्रेनें
18009 संतरागाछी–अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस अब कटंगी खुर्द और हरदुआ के बीच ग्रेड सेपरेटर मार्ग से होकर गुजरेगी।
11448 हावड़ा–जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस वाया न्यू कटनी जंक्शन–कटनी होकर जबलपुर पहुंचेगी।
11265 जबलपुर–अम्बिकापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस वाया कटनी–एनकेजे होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी।
11266 अम्बिकापुर–जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस वाया एनकेजे–कटनी होकर जबलपुर पहुंचेगी।
आंशिक रूप से निरस्त ट्रेनें
68747 बिलासपुर–कटनी मेमू को झलवारा स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है।
68748 कटनी–बिलासपुर मेमू झलवारा से शॉर्ट ओरिजिनेट की गई है।
61601 कटनी–चिरमिरी मेमू झलवारा से शॉर्ट ओरिजिनेट की गई है।
61602 चिरमिरी–कटनी मेमू झलवारा स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट की गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो एक बड़ी राहत की बात है। फिलहाल तकनीकी टीम ट्रैक को पूरी तरह दुरुस्त करने और बेपटरी डिब्बों को हटाने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही रेल यातायात को पूरी तरह सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा एनटीईएस तथा रेल मदद 139 से प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।