खेल भावना और भाईचारे का संदेश, बिजौरी में स्व. अरुणेंद्र सिंह स्मृति वॉलीबॉल टूर्नामेंट शुरू
(जय प्रकाश शर्मा)मानपुर। जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिजौरी में नए साल के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले स्वर्गीय अरुणेंद्र सिंह स्मृति वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन समाजसेवी सुरेश कुमार ‘मुन्ना’ सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मर्सकोले, एएसआई रामसेवक पटेल, ग्राम पंचायत बडार के सरपंच धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘दादू’ सहित बड़ी संख्या में स्थानीय एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के आयोजक विंध्य विकास युवा समिति बिजौरी के प्रतिनिधि आवेन्द्र सिंह ‘मोनू’ ने बताया कि स्वर्गीय लाल अरुणेंद्र प्रताप सिंह (लाला) समाज और युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहे हैं। खेलों के प्रति उनकी गहरी रुचि और समाजसेवा के प्रति समर्पण को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से समिति द्वारा प्रतिवर्ष इस स्मृति टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता है।

आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, आपसी भाईचारा विकसित करना तथा उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित करना है। टूर्नामेंट के शुभारंभ के साथ ही रोमांचक मुकाबलों की शुरुआत हुई, जिसने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।