लालपुर के मैदान से उभरी फुटबॉल की नई पीढ़ी, 400 से ज्यादा खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर
शहडोल। रिलायंस सीबीएम परियोजना, शहडोल की कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी गतिविधियों के अंतर्गत ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चौथी शहडोल जूनियर फुटबॉल लीग का आयोजन 28 से 30 जनवरी 2026 तक शासकीय मिडिल स्कूल मैदान, लालपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन ने जिले के सैकड़ों बालक-बालिकाओं को खेल, अनुशासन और आत्मविश्वास से जोड़ा।
समापन समारोह के शुभारंभ पर अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण किया गया। इसके पश्चात रिलायंस सीबीएम परियोजना के ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस हेड फणीधर अडला द्वारा मुख्य अतिथि जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी का शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। सीबीएम टीम ने अन्य सभी अतिथियों का भी पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य एवं रूपरेखा बताते हुए साइट सीएसआर हेड राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि इस तीन दिवसीय फुटबॉल लीग में कुल 30 टीमों ने भाग लिया। इनमें रिलायंस फाउंडेशन द्वारा संचालित 13 फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्रों की 26 टीमें तथा परियोजना क्षेत्र के बाहर से बिचारपुर, ज्ञानोदय रेलवे और धनपुरी की 4 टीमें शामिल रहीं। प्रतियोगिता में 400 से अधिक ग्रामीण बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि रिलायंस सीबीएम परियोजना शहडोल जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल के सतत और समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

फाइनल मुकाबलों में बालिका वर्ग में रिलायंस फाउंडेशन प्रशिक्षण केंद्र, कन्या शिक्षा परिसर कंचनपुर की टीम विजेता रही, जबकि बालक वर्ग में रिलायंस फाउंडेशन एकलव्य धुरवार प्रशिक्षण केंद्र की टीम ने खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रईस अहमद सहायक संचालक खेल, शहडोल संभाग, लालपुर ग्राम पंचायत की सरपंच रामकली बैगा, जनपद सदस्य निसाबी नायक, उपसरपंच दीपु सिंह, फणीधर अडला साइट ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस हेड, सुशील शरण साइट प्रोडक्शन हेड तथा रिलायंस सीबीएम परियोजना के लाइजन हेड अमितेश पांडेय विशेष रूप से मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि जयसिंह मरावी ने अपने संबोधन में रिलायंस सीबीएम परियोजना द्वारा जिले में फुटबॉल के विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों की खेल तकनीक, अनुशासन और टीम भावना की प्रशंसा करते हुए बच्चों से खेल और शिक्षा के बीच संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित कर फुटबॉल कोच के रूप में विकसित करना एक सराहनीय पहल है, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार साझा करते हुए बताया कि इस पहल से बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है, विद्यालयों में अनुपस्थिति और ड्रॉपआउट दर में कमी आई है तथा बालिकाओं की खेलों में भागीदारी को विशेष प्रोत्साहन मिला है।
कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों, उनके कोचों और खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन समीम खान द्वारा किया गया। आयोजन की सफलता में सीएसआर टीम के सदस्यों, विशेष रूप से अश्वनी शर्मा, सभी प्रशिक्षकों और सीएसआर लोकल कैडर्स की अहम भूमिका रही।