महानगरों की तर्ज पर मिलेगी नई पहचान नवीन चौपाटी को लेकर निगमायुक्त तपस्या परिहार सख्त, दीर्घकालिक और सुविधायुक्त निर्माण के दिए स्पष्ट निर्देश

0

महानगरों की तर्ज पर मिलेगी नई पहचान
नवीन चौपाटी को लेकर निगमायुक्त तपस्या परिहार सख्त, दीर्घकालिक और सुविधायुक्त निर्माण के दिए स्पष्ट निर्देश
कटनी।। शहर की पहचान और सामाजिक जीवन का केंद्र मानी जाने वाली चौपाटी को लेकर नगर निगम अब किसी भी तरह की जल्दबाज़ी या आधे-अधूरे निर्माण के मूड में नहीं है। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन नवीन चौपाटी का विस्तृत स्थल निरीक्षण किया और स्पष्ट शब्दों में कहा कि चौपाटी बार-बार नहीं बनती, इसलिए यह आने वाले वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर ही विकसित होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौपाटी को केवल खानपान का स्थान न मानते हुए, इसे व्यवस्थित, सुरक्षित, पारिवारिक और सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि कटनी की नवीन चौपाटी को इंदौर की छप्पन चौपाटी और जयपुर की चौपाटी की तर्ज पर सेक्शनवार नियोजित किया जाए, ताकि स्वच्छता, सुगमता और सौंदर्य—तीनों का संतुलन बना रहे।
निरीक्षण में कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, उपयंत्री संजय मिश्रा, संविदाकार एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। निगमायुक्त ने ड्राइंग-डिज़ाइन का अवलोकन करते हुए निर्मित संरचनाओं, रिक्त स्थलों, बैठने की व्यवस्था और संभावित पार्किंग क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि चौपाटी परिसर के भीतर पार्किंग न रखकर, समीप के उपयुक्त स्थान पर अलग पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि परिसर में भीड़ और अव्यवस्था न हो।
सुश्री परिहार ने विशेष रूप से फूड स्टॉल्स की नियोजित व्यवस्था, पर्याप्त बैठने की सुविधा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सौंदर्यीकरण और सुरक्षा पर जोर दिया। उनका कहना था कि चौपाटी ऐसा स्थल बने, जहां परिवार, महिलाएं और बच्चे बिना किसी असुविधा के समय बिता सकें। निरीक्षण के दौरान दीनदयाल रसोई, रोटी कुटी और पूर्व स्थापित चौपाटी के रिक्त परिसर का भी अवलोकन किया गया। साथ ही हाउसिंग बोर्ड द्वारा प्रस्तावित निर्माण कार्यों के संभावित स्थलों की जानकारी ली गई। नगर की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए निगमायुक्त ने जिला चिकित्सालय, मुड़वारा स्टेशन, फॉरेस्टर प्लेग्राउंड और चौपाटी आने वाले नागरिकों के लिए वाहन पार्किंग की समस्या के समाधान हेतु मल्टी-लेवल पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थल चयन करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। स्पष्ट है कि नगर निगम इस बार चौपाटी को सिर्फ एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि कटनी के शहरी विकास की पहचान बनाने की दिशा में काम कर रहा है। यदि निर्देशों का सही क्रियान्वयन हुआ, तो आने वाले समय में नवीन चौपाटी न केवल शहरवासियों बल्कि बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी एक आकर्षक और आधुनिक सार्वजनिक स्थल के रूप में उभरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed