बरगवां में आपसी विवाद के बाद चाकूबाजी, इलाज के दौरान युवक की मौत; आरोपी गिरफ्तार
बरगवां में आपसी विवाद के बाद चाकूबाजी, इलाज के दौरान युवक की मौत; आरोपी गिरफ्तार
कटनी।। रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के बरगवां इलाके में रविवार रात आपसी विवाद के बाद हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 08 मार्च 2026 की रात लगभग 08:30 बजे बरगवां स्थित संजय बजाज के ऑफिस के बाहर हुई। बताया जाता है कि यहां किसी बात को लेकर आरोपी और मृतक के बीच विवाद हो गया। पहले दोनों के बीच मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपी ने मृतक की जांघ पर चाकू मार दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बहने लगा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अधिक रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान मोहम्मद आसिफ अली (30 वर्ष) पिता मोहम्मद मुमताज अहमद, निवासी पाली मोहन अचल कलुअहि, मधुबनी (बिहार) के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह वर्तमान में कटनी में रहकर संजय बजाज के ऑफिस में काम करता था और वहीं निवास कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही रंगनाथ नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मो. दानिस (33 वर्ष) पिता शेख अली अहमद, निवासी सत्तराकाछी, हावड़ा (पश्चिम बंगाल) जो वर्तमान में बरगवां क्षेत्र में ही रह रहा था की शिकायत पर नाबालिक आरोपी के विरुद्ध रंगनाथ नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 115/26 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है, जो पूर्व में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के समकक्ष मानी जाती है। प्राथमिकी 09 मार्च 2026 की रात 01:22 बजे दर्ज की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।