साधूराम स्कूल में 28 मार्च से तीन दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेला

0

साधूराम स्कूल में 28 मार्च से तीन दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेला
कटनी। स्कूली बच्चों और अभिभावकों को सस्ती एवं प्रतिस्पर्धी दरों पर पाठ्य पुस्तकें, कॉपियां और गणवेश उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा तीन दिवसीय जिला स्तरीय पुस्तक एवं गणवेश मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 28 से 30 मार्च तक शहर के सुभाष चौक के समीप स्थित साधूराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित होगा।
कलेक्टर की पहल पर आयोजित इस मेले में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां छात्रों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। मेला आयोजन को व्यवस्थित एवं सुचारु बनाने के लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी एवं जिला परियोजना समन्वयक प्रेमनारायण तिवारी सहित अन्य अधिकारी सहयोगी की भूमिका निभाएंगे। ये सभी अधिकारी स्टॉल बुकिंग, आवंटन, टेंट-पंडाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बुक बैंक तथा कैरियर काउंसलिंग जैसी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। ,मेला स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी को सौंपी गई है। वहीं नगर निगम द्वारा साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिसमें उपायुक्त शैलेष गुप्ता सहयोग करेंगे।
सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को दी गई है। इसके साथ ही एडीपीसी धनश्री जैन को मंच संचालन, निजी विद्यालयों एवं पुस्तक विक्रेताओं से समन्वय और शिकायत निवारण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर को एंबुलेंस, चिकित्सा व्यवस्था तथा फूड स्टॉल की खाद्य सामग्री की जांच का दायित्व दिया गया है। वहीं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बिजली विभाग को सौंपी गई है। यह मेला न केवल छात्रों को आवश्यक सामग्री सुलभ कराने का माध्यम बनेगा, बल्कि कैरियर मार्गदर्शन और शैक्षणिक जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *