कन्हवारा में युवक की बेरहमी से हत्या, मारपीट के बाद जिंदा जलाया,इलाके में दहशत
कन्हवारा में युवक की बेरहमी से हत्या, मारपीट के बाद जिंदा जलाया,इलाके में दहशत
कटनी।। कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कन्हवारा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ग्राम कन्हवारा में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की और फिर उसे आग के हवाले कर दिया। इस जघन्य घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के मंदिर के पास ही वारदात अंजाम दी गई। सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक युवक का जला हुआ शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना करते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे अंदेशा है कि हत्या से पहले युवक के साथ मारपीट की गई।
अतरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया ने बताया कि जला हुआ शव बरामद हुआ है और मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।