अब स्कूलों में ही बनेंगे और अपडेट होंगे आधार छात्रों से लेकर आम नागरिकों तक को मिलेगा सीधा लाभ

0

अब स्कूलों में ही बनेंगे और अपडेट होंगे आधार छात्रों से लेकर आम नागरिकों तक को मिलेगा सीधा लाभ
कटनी।। जिले में जनहित को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है, जिसके तहत अब स्कूलों में ही आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस निर्णय से विद्यार्थियों को आधार सेवाओं के लिए इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि उन्हें विद्यालय स्तर पर ही सभी सुविधाएं मिल सकेंगी। कलेक्टर के निर्देशानुसार 6 से 22 अप्रैल तक जिले के विभिन्न विकासखण्डों के चिन्हित स्कूलों में आधार कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में छात्रों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट एमबीयू के साथ-साथ अन्य योजनाओं के लाभार्थी भी अपने आधार में मोबाइल नंबर सहित आवश्यक अपडेट करा सकेंगे।
प्रशासन ने इस कार्य की जिम्मेदारी संबंधित रोजगार सहायकों, पंचायत सचिवों और पटवारियों को सौंपी है, वहीं भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाएगा। स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को यूडीआईएसई-प्लस पोर्टल के माध्यम से उन विद्यार्थियों की सूची अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनके आधार में बायोमेट्रिक अपडेट लंबित हैं। यह पहल विशेष रूप से 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पर आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट को समय पर पूर्ण कराने पर केंद्रित है, जिससे विद्यार्थियों को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अपडेटेड आधार कार्ड स्कूल प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर डीबीटी जैसी सेवाओं के लिए अनिवार्य है। इसके साथ ही कलेक्टर ने जिले में 100 प्रतिशत अपार आईडी एपीएआर आईडी निर्माण के भी निर्देश दिए हैं, जो विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने का माध्यम बनेगी। यह आईडी भविष्य में छात्रों की शैक्षणिक पहचान को मजबूत करेगी और उन्हें विभिन्न सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करेगी। जिला प्रशासन की यह पहल न केवल विद्यार्थियों के लिए बल्कि आम नागरिकों के लिए भी अत्यंत लाभकारी साबित होगी, जिससे आधार से जुड़ी सेवाएं अब और अधिक सुलभ, सरल और समयबद्ध हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed