फरार दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार

0

फरार दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
कटनी। कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 1 अगस्त 2025 को पन्ना मोड़ निवासी एक महिला ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को गणेश चौक से एक अज्ञात युवक बहला- फुसलाकर भगा ले गया है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि नाबालिग का संपर्क सोशल मीडिया के माध्यम से गुना निवासी युवक से था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को गुना से बरामद कर लिया। पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि आरोपी ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया था। बालिका के बयान के आधार पर प्रकरण में गंभीर धाराएं जोड़ते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी की तलाश शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने विशेष टीम गठित की। सायबर सेल और मुखबिरों की मदद से सूचना मिली कि आरोपी वापस गुना आ गया है और एक औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरी कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीतेश धाकड़ (21 वर्ष), निवासी नैगवां, थाना कैंट, जिला गुना के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस, साइबर सेल एवं गुना पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की तत्परता से एक गंभीर अपराध के आरोपी को गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे तक पहुंचाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed