स्वास्थ मंत्री के फर्जी लेटर पैड से टेंडर दिलाने के नाम पर करोडों की धोखाधड़ी करने का आरोपी गिरफ्तार
स्वास्थ मंत्री के फर्जी लेटर पैड से टेंडर दिलाने के नाम पर करोडों की धोखाधड़ी करने का आरोपी गिरफ्तार

कटनी ॥ कोतवाली पुलिस ने स्वास्थ मंत्री के फर्जी लेटर पैड से जिला अस्पताल में टेंडर दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोपी अर्जित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार झूठे टेंडर के इस मामले में एक करोड़ से अधिक के लेनदेन का आरोप है। कोतवाली पुलिस द्वारा अर्जित को धारा 420, 467, 468, 471 के तहत गिरफ्तार किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी अजय बहादुर सिंह ने बताया कि इस धोखाधड़ी के खेल में अर्जित वर्मा के साथ और भी साथी शामिल थे और फिर आपस में विवाद होने के बाद यह मामला उजागर हुआ है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व मंत्री के लेटर हेड का इस्तेमाल कर लोगों से पैसे ऐंठने का मामला उजागर हुआ था जिसके बाद पुलिस ने अर्जित वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।
प्राप्त जानकारी अनुसार कोतवाली थाने में पांच लोगों ने शिकायत की थी की उनके साथ अर्पित वर्मा नाम के व्यक्ति ने धोखाधड़ी की है। उसने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभूराम चौधरी का फर्जी लेटर पेड और फर्जी सरकारी टेंडर दिखाकर उनसे 1 करोड़ 39 लाख रुपए की ठगी की। जिस शिकायत के आधार पर मंत्री के लेटर पैड की कोतवाली पुलिस ने जांच कराई और जांच में बाद यह पता चला की यह लेटर फर्जी है। साथ ही ये भी पाया गया कि जालपा वार्ड निवासी रुपेश सरावगी, सिद्धार्थ खर्द, पुरानी बस्ती निवासी सत्यम शर्मा, मुसरहा वार्ड निवासी अरुण कुशवाहा और खंडवा जिले के छैगांव निवासी आदित्य गगराडे से माधवनगर थाना क्षेत्र के समदड़िया सिटी निवासी और एबी वेरियर्स सर्विसस फर्म के अर्जित वर्मा ने फर्जी दस्तावेज दिखाकर योजनाबद्ध तरीके से धोखाधड़ी करते हुए करोड़ों की ठगी की है। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने अर्पित वर्मा को अरेस्ट कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वही इस पूरे मामले में अर्जित वर्मा से जुड़े हुए लोगो की भी छानबीन शुरू कर दी है। ।