13 फरवरी से अग्निवीर भर्ती रैली, अभ्यर्थियों के लिए प्रशासन ने जारी किए अहम दिशा-निर्देश
13 फरवरी से अग्निवीर भर्ती रैली, अभ्यर्थियों के लिए प्रशासन ने जारी किए अहम दिशा-निर्देश
कटनी।। भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। सेना भर्ती कार्यालय, जबलपुर द्वारा 13 फरवरी से कटनी जिले की पुलिस लाइन झिंझरी मैदान में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस भर्ती रैली में कटनी सहित 15 जिलों के हजारों युवा शामिल होंगे।
भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने भर्ती स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि भर्ती रैली के दौरान अलग-अलग पुलिस टीमें तैनात रहेंगी तथा यातायात को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की पूर्व योजना लागू की जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और समय से भर्ती स्थल पर पहुंचे।
प्रशासन एवं सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि भारतीय सेना में भर्ती पूरी तरह मेरिट आधारित एवं पारदर्शी प्रक्रिया है। यदि कोई व्यक्ति चयन कराने के नाम पर पैसे या अनुचित दबाव की बात करता है, तो उसकी तत्काल शिकायत पुलिस या भर्ती अधिकारियों से करें।
इस अग्निवीर भर्ती रैली में कटनी के अलावा जबलपुर, अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, मऊगंज, नीमच, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया जिले के अभ्यर्थी भाग लेंगे। प्रतिदिन 700 से 800 अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
दस्तावेजों की पूरी तैयारी रखें
भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड,नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो 7 दिन से अधिक पुरानी नहीं, सभी शैक्षणिक दस्तावेज,आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य है।
अग्निवीर जनरल ड्यूटी एवं ट्रेड्समैन पद के लिए निर्धारित पांच विषयों में उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
महिला एवं पुरुष दोनों अभ्यर्थियों का होगा फिजिकल टेस्ट सेना भर्ती कार्यालय जबलपुर के डायरेक्टर कर्नल रितिक खंजोड़े ने बताया कि भर्ती रैली में महिला एवं पुरुष दोनों अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण लिया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष होगी।
किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय जबलपुर के फोन नंबर 7247028996 पर संपर्क कर सकते हैं। अंत में प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आत्मविश्वास के साथ तैयारी करें, किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आएं और भारतीय सेना में चयन का एकमात्र आधार मेहनत और मेरिट पर भरोसा रखें।