बरही में 14 मार्च को ‘कृषि महोत्सव’ और आभार रैली, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे शामिल विजयराघवगढ़ के किसानों के लिए स्वीकृत सिंचाई परियोजनाओं पर आभार व्यक्त करेगा क्षेत्र, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने किया जनता से ‘बरही चलो’ का आह्वान

0

बरही में 14 मार्च को ‘कृषि महोत्सव’ और आभार रैली, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे शामिल
विजयराघवगढ़ के किसानों के लिए स्वीकृत सिंचाई परियोजनाओं पर आभार व्यक्त करेगा क्षेत्र, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने किया जनता से ‘बरही चलो’ का आह्वान
कटनी।। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरही नगर में आगामी 14 मार्च को एक बड़ा किसान केंद्रित आयोजन होने जा रहा है। इस दिन आयोजित कृषि महोत्सव और आभार रैली में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम का आयोजन विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के किसान और नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
बताया गया है कि हाल ही में भोपाल में आयोजित कैबिनेट बैठक में विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 50 हजार एकड़ भूमि को सिंचित करने वाली दो महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के हजारों किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसी उपलब्धि पर क्षेत्र की जनता और किसानों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से यह रैली और कृषि महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने क्षेत्रवासियों के नाम जारी संदेश में कहा कि जब उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र के किसानों की समस्याएं और उम्मीदें रखीं, तो मुख्यमंत्री ने गंभीरता से उन्हें सुना और विजयराघवगढ़ के विकास के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि यह आभार केवल उनका नहीं बल्कि क्षेत्र के उन किसानों का है, जिनकी मेहनत और संघर्ष ने इस मांग को मजबूती दी।
उन्होंने कहा कि ‘हर खेत को पानी’ का सपना अब साकार होने की दिशा में बढ़ रहा है। इन परियोजनाओं के लागू होने से क्षेत्र के खेतों में सिंचाई सुविधा बढ़ेगी, जिससे बेहतर फसल उत्पादन और किसानों की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा। विधायक पाठक के अनुसार सतत कृषि, बेहतर उत्पादन और किसान समृद्धि अब क्षेत्र के द्वार पर दस्तक दे रही है। विधायक पाठक ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की जनता की भावनाओं से अवगत कराया, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं 14 मार्च को विजयराघवगढ़ आने की सहमति दी। इस दौरान वे किसानों द्वारा आयोजित आभार रैली और कृषि महोत्सव में शामिल होकर किसानों की खुशियों में भागीदार बनेंगे। यह कार्यक्रम श्री विजयनाथ धाम के मेला ग्राउंड, बरही में दोपहर 1:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर भाजपा संगठन और स्थानीय कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पहले ही पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा चुकी है। विधायक पाठक ने क्षेत्र की जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि किसानों के भविष्य और क्षेत्र के विकास का उत्सव है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी परिवार अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाएं।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि किसान की समृद्धि में ही देश और प्रदेश की समृद्धि निहित है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे बरही पहुंचकर इस कृषि महोत्सव को अपनी उपस्थिति, मुस्कान और तालियों से सजीव बनाएं। विधायक ने कहा कि आने वाले समय में विजयराघवगढ़ की आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा, जहां हर खेत सिंचित होगा, हर किसान समृद्ध होगा और पूरा कृषक समुदाय विकास की राह पर आगे बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed