आयुष्मान योजना से नन्हें अबू बकर को मिला नया जीवन, मुंबई में सफल हृदय सर्जरी
आयुष्मान योजना से नन्हें अबू बकर को मिला नया जीवन, मुंबई में सफल हृदय सर्जरी
कटनी।। जिले के ग्राम स्लीमनाबाद निवासी महज एक माह के नन्हें अबू बकर के लिए आयुष्मान भारत योजना जीवनदायी साबित हुई। जन्म के कुछ ही दिनों बाद गंभीर जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित इस मासूम की मुंबई स्थित एसआरसीसी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में सफल सर्जरी कराई गई।
जानकारी के अनुसार, अबू बकर के जन्म के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन चिकित्सकीय जांच में बच्चे को हृदय संबंधी गंभीर बीमारी होने की पुष्टि होते ही परिवार पर संकट के बादल छा गए। पिता तालिफ खान और उनके परिजनों के सामने बच्चे के इलाज की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई, क्योंकि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण महंगे उपचार का खर्च वहन करना संभव नहीं था। ऐसे कठिन समय में आयुष्मान भारत योजना परिवार के लिए संबल बनकर सामने आई। योजना के तहत नन्हें अबू बकर का देश के प्रतिष्ठित अस्पताल में निःशुल्क इलाज संभव हो सका। मुंबई के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जटिल हृदय सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की, जिसके बाद अबू बकर पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने गृह ग्राम स्लीमनाबाद लौट आया है।
बच्चे के स्वस्थ होने के बाद खान परिवार में एक बार फिर खुशियां लौट आई हैं। परिजनों ने शासन, जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राही परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है, जिससे गंभीर बीमारियों का इलाज भी अब आर्थिक बाधा के बिना संभव हो पा रहा है।