भाजपा प्रदेश महामंत्री हरिशंकर ने लिया संगठनात्मक कार्यों का जायजा
शहडोल। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को भाजपा प्रदेश महामंत्री हरिशंकर खटीक के प्रदेश महामंत्री, भाजपा मध्यप्रदेश नियुक्त होने के बाद प्रथम नगर आगमन पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल प्रताप सिंह के नेतृत्व में जिला भाजपा कार्यालय शहडोल में भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जय सिंह मरावी भी से उपस्थित रहे। अल्प प्रवास पर शहडोल पहुंचे भाजपा प्रदेश महामंत्री हरिशंकर खटीक ने जिला भाजपा कार्यालय शहडोल में जिला बैठक को संबोधित किया जिसमें मुख्य रुप से सभी जिला पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहें। हरिशंकर खटीक ने अपने उद्बोधन में जिले के सभी भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस स्नेह और प्यार के लिए मैं आप सभी का तहे दिल से आभारी हूं। उन्होंने कहा की उनकी कोशिश रहेगी कि जिले में भारतीय जनता पार्टी का संगठन भविष्य में और अधिक मजबूत हो सके। श्री खटीक ने भाजपा संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की एवं आगामी कार्यक्रमों की योजना एवं तैयारी को लेकर चर्चा की। बैठक का संचालन जिला महामंत्री संतोष लोहानी ने किया जबकि आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री दीपक शर्मा ने किया। इस अवसर पर पार्टी के सभी जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।