बरही में किसान सम्मेलन में शामिल होंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, 243.22 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

0

बरही में किसान सम्मेलन में शामिल होंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, 243.22 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
कटनी।। सीएम डॉक्टर मोहन यादव शनिवार 14 मार्च को जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद बरही के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बरही में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होंगे और करीब 243.22 करोड़ रुपये के निर्माण एवं विकास कार्यों का शिलान्यास तथा लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बरही के बड़े तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भी शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वे बड़े तालाब से श्री विजयनाथ धाम मंदिर प्रांगण स्थित सभा स्थल तक आयोजित आभार रैली में भी शामिल होंगे।
किसान सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री कृषि एवं उससे जुड़े विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। कार्यक्रम में वे विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित 7 हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री कृषक मित्र योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, सुपर सीडर, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, स्व-सहायता समूह बैंक योजना और रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म होम स्टे योजना से जुड़े लाभार्थी शामिल हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार दोपहर 1.15 बजे बैतूल हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 2.50 बजे बरही के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री शाम 5 बजे हेलीकॉप्टर से जबलपुर के डुमना विमानतल के लिए रवाना होंगे। इसके बाद वे राजकीय विमान से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। किसान सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed