जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष तिवारी का सक्रिय हस्तक्षेप,आवेदनों पर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष तिवारी का सक्रिय हस्तक्षेप,आवेदनों पर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
कटनी।। आशीष तिवारी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर तिवारी ने 39 सें अधिक आवेदकों की शिकायतों और मांगों पर सुनवाई करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता न होकर जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बने। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का वस्तुनिष्ठ परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र समाधान किया जाए तथा आवेदक को संतुष्टि का अनुभव हो। इस अवसर पर अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, जिला प्रबंधक लोकसेवा दिनेश विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में राजस्व, खनिज, लोकसेवा, नगर प्रशासन सहित अन्य विभागों से संबंधित प्रकरण सामने आए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश जारी किए।
उल्लेखनीय है कि कटनी जिले में जनसुनवाई शासन–प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का सशक्त मंच बन रही है, जिससे समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और गति दोनों सुनिश्चित हो रही हैं।