नववर्ष पर कलेक्टर की संवेदनशील पहल ग्राम मोहनिया व शाहपुर में जरूरतमंदों को कंबल व ऊनी वस्त्र वितरित
नववर्ष पर कलेक्टर की संवेदनशील पहल ग्राम मोहनिया व शाहपुर में जरूरतमंदों को कंबल व ऊनी वस्त्र वितरित
कटनी।। नववर्ष के अवसर पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए गुरुवार को ग्राम मोहनिया एवं दूरस्थ ग्राम शाहपुर का दौरा कर बुजुर्गों, गरीबों एवं जरूरतमंदों के बीच ठंड से राहत हेतु कंबल एवं ऊनी वस्त्रों का वितरण किया। कलेक्टर ने दोनों गांवों में बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को गर्म कंबल, मफलर, ऊनी टोपी सहित अन्य शीतकालीन वस्त्र प्रदान कर सर्दी से बचाव का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर त्रय प्रदीप कुमार मिश्रा, विंकी सिंहमारे उइके एवं सुश्री ज्योति लिल्हारे, तहसीलदार अजीत तिवारी, नायब तहसीलदार अतुलेश सिंह, जनपद सीईओ प्रदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा जरूरतमंदों को जैकेट, टी-शर्ट, जींस पैंट, लोवर, ट्रैक सूट सहित विभिन्न ऊनी वस्त्र भी वितरित किए गए।
कलेक्टर श्री तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना अत्यंत महत्वपूर्ण है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह सामाजिक दायित्व है कि वह अपनी क्षमता अनुसार किसी न किसी रूप में सहयोग करे। ठंड से बचाव हेतु किसी एक जरूरतमंद को भी कंबल या गर्म कपड़े उपलब्ध कराना पुण्य कार्य है। सही मायनों में जरूरतमंदों की सेवा करना ईश्वर की सेवा के समान है। इसके पश्चात कलेक्टर श्री तिवारी, जिला पंचायत सीईओ एवं निगमायुक्त ने ग्राम शाहपुर स्थित शक्तिधाम सेवा आश्रम पहुंचकर पवनपुत्र भगवान श्री हनुमान जी के दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस दौरान ग्राम सरपंच श्री पंकज वर्मा भी उपस्थित रहे।