कांग्रेसियों ने किया नगर निगम का घेराव, विवेकानंद वार्ड सहित शहर के सभी वार्डों में विकास कार्य की रखी मांग
कांग्रेसियों ने किया नगर निगम का घेराव, विवेकानंद वार्ड सहित शहर के सभी वार्डों में विकास कार्य की रखी मांग

कटनी। कांग्रेसियों द्वारा एक बार फिर नगर निगम कार्यालय का घेराव किया गया। नगर निगम आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान कांग्रेसियों ने कहा कि विवेकानंद वार्ड में कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। बिजली, नाली, सड़क ना होने से वहां के रह वासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह समस्या शहर के अधिकांश वार्डों में है। इसके अलावा योजना क्रमांक 11, 12, 13 में जमकर मनमानी चल रही है। उसको लेकर भी मुद्दा उठाया। नगर निगम आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दलालों पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग रखी। इस दौरान आयुक्त से इस्तीफा की भी मांग की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मिथिलेश जैन ने कहा कि विवेकानंद वार्ड सहित शहर के सभी वार्डों में गंभीर समस्या है। ना तो सड़क बनवाई जा रही और ना ही नालियों का निर्माण किया जा रहा। सीवर लाइन के कारण भी लोगों को भारी समस्या हो रही है। पेयजल को लेकर हाहाकार की स्थिति है। नगर निगम आयुक्त द्वारा ध्यान न दिए जाने से विकास कार्य ठप पड़े हैं और शहर की जनता परेशान है। कांग्रेसियों ने कहा कि जब तक उन्हें उचित आश्वासन नहीं मिलता तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।